Etawah News : नाबालिग का फंदे से लटका मिला था शव, 10 दिन बाद भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं, परिजनों ने हाईवे किया जाम

UPT | परिजनों ने कानपुर-आगरा नेशनल हाईवे को जाम कर दिया।

Jun 20, 2024 17:50

इटावा में दस दिन पहले नाबालिग की संदिग्ध हालात में मौत हो गई थी। परिजनों ने आत्महत्या के लिए उकसाने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। लेकिन अब तक गिरफ्तारी नहीं होने से आक्रोशित परिजनों ने हाईवे जाम कर दिया।

Etawah News: यूपी के इटावा से पुलिस की लापरवाही की घटना सामने आई है। इटावा में 14 वर्षीय नाबालिग का संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका हुआ शव मिला था। नाबालिग के परिजनों ने आत्महत्या के लिए उकसाने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। घटना के 10 दिन बाद भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी। इससे नाराज परिजनों ने कानपुर-आगरा नेशनल हाईवे को जाम कर दिया।

दो घंटे के जाम से वाहनों की लंबी कतार लगी
नेशलन हाईवे जाम होने से अफरातफरी मच गई। दो घंटे के जाम से वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। हाईवे जाम होने की सूचना पर कई थानों का पुलिस फोर्स और अधिकारी मौके पर पहुंच गए। कानपुर-आगरा हाईवे पर एक ट्रैक्टर ट्राला मोड़कर वापस जा रहा था। आक्रोशित भीड़ चालक को पीटने का प्रयास करने लगी। इस दौरान पुलिस ने लाठी पटक कर भीड़ को हटाया।

संदिग्ध हालात में मौत
फ्रेंडस कॉलोनी थाना क्षेत्र स्थित नारायण अड्डा न्यू कॉलोनी निवासी आशा देवी किराए के मकान में 14 वर्षीय बेटी के साथ रहती थीं। जीवन यापन के लिए आयुर्वेद का काम करती थीं। बीते 09 जून को इकदिल आयुर्वेद की दुकान गईं थीं। कुछ देर बाद मकान मालिक का फोन आया कि बेटी ने फंदे से लटक कर जान दे दी है। घर पहुंचकर देखा तो बेटी का शव फर्श पर पड़ा था। उसके हाथ में चोट के निशान थे।

अधिकारियों ने शांत कराया
आशा देवी ने बेटी को अत्महत्या के लिए उकसाने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। दस दिन बाद भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने से नाराज परिजनों ने हाईवे जाम कर दिया। थाना पुलिस के साथ ही एसडीएम सदर विक्रम राघव, सीओ सीटी अमित सिंह ने आक्रोशित भीड़ को समझाकर शांत कराया।
 

Also Read