Kannauj News : चचेरे भाइयों पर गिरा छज्जा, एक की मौत, दूसरे की हालत गंभीर

UPT | कन्नौज।

Sep 18, 2024 01:07

कन्नौज कस्बे में भैंस खरीदने गए चचेरे भाइयों पर जर्जर छज्जा भरभरा कर गिर पड़ा। जिसमें दोनों भाई घायल हो गए, इलाज के दौरान बृजेन्द्र ने दम तोड़ दिया। जबकि प्रवीन का गंभीर हालत में उपचार चल रहा है।

Kannauj News : यूपी के कन्नौज से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। कन्नौज में चचेरे भाइयों पर मकान का छज्जा भरभरा कर गिर पड़ा। दोनों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान एक की मौत हो गई। जबकि दूसरे की हालत गंभीर बनी हुई है। चचेरे भाई कस्बे में भैंस खरीदने के लिए आए थे। पुलिस और राजस्व विभाग की टीमें जांच करने में जुटी हैं।

गुरसहायगंज कोतवाली क्षेत्र के तमियामऊ गांव निवासी बृजेन्द्र सिंह पाल (48) अपने चचेरे भाई प्रवीन कुमार पाल (28) के साथ सोमवार को कस्बे के आजाद नगर निवासी शराफत के घर भैंस खरीदने आए थे। चचेरे भाई जैसे ही शराफत के घर से बाहर निकले, तो जर्ज़र छज्जा भरभरा कर गिर पड़ा। इस हादसे में दोनों भाई घायल हो गए।

राजस्व विभाग की टीम 
गुरसहायगंज के एक निजी अस्पताल में दोनों को भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान बृजेन्द्र पाल की मौत हो गई। वहीं प्रवीन की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना की जानकारी होने पर समधन चौकी प्रभारी राजेश मौके पर पहुंच गए। उन्होंने ने घटना की सूचना आलाधिकारियों को दी। छिबरामऊ नायब तहसीलदार भरत मौर्या, राजस्व निरीक्षक प्रेम कृष्ण मिश्रा, लेखपाल ने घटना की जांच की।

शासन को भेजी जाएगी रिपोर्ट 
नायब तहसीलदार ने बताया कि राजस्व टीम द्वारा जांच रिपोर्ट सौंपने के बाद शासन को भेजी जाएगी। बृजेन्द्र सिंह पाल के परिजनों को किसान बीमा के तहत पांच लाख की चेक प्रदान की जाएगी। 

Also Read