नहीं थम रहा सिलसिला : 30 विमानों को फिर मिली बम से उड़ाने की धमकी, उतारने पड़े लखनऊ-पुणे फ्लाइट के यात्री

UPT | इंडिगो, विस्तारा और एअर इंडिया

Oct 22, 2024 16:01

हवाई यात्रा में बम की धमकियों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। लखनऊ से पुणे आ रही फ्लाइट 6E 118 समेत कई फ्लाइट के यात्रियों को उतार दिया गया।

Lucknow News : हवाई यात्रा में बम की धमकियों का सिलसिला थमता नहीं दिख रहा है। सोमवार रात एक बार फिर 30 विमानों को उड़ाने की धमकी मिली। पिछले 8 दिनों में 120 से ज्यादा विमानों को बम से उड़ाने की धमकी मिल चुकी है। न्यूज एजेंसी  PTI के सूत्रों के मुताबिक, इनमें इंडिगो, विस्तारा और एयर इंडिया (AI) की घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानें शामिल हैं। लखनऊ से पुणे आ रही फ्लाइट 6E 118 समेत कई फ्लाइट के यात्रियों को उतार दिया गया। कुछ फ्लाइट रद्द कर दी गईं और कुछ फ्लाइट का रूट डायवर्ट कर दिया गया।
 


लखनऊ से पुणे फ्लाइट के यात्रियों को उतारा गया
इंडिगो की लखनऊ से पुणे जाने वाली फ्लाइट 6E 118, हैदराबाद से जेद्दा जाने वाली फ्लाइट 6E 67, इस्तांबुल से मुंबई जाने वाली फ्लाइट 6E 18 और दिल्ली से दम्माम जाने वाली फ्लाइट 6E 83 को भी बम की धमकी मिली। इन सभी फ्लाइट में सवार यात्रियों को सुरक्षा के लिहाज से तुरंत उतार दिया गया। सुरक्षा अलर्ट के चलते बेंगलुरु से जेद्दा जाने वाली फ्लाइट 6E 77 को दोहा डायवर्ट कर दिया गया। विमान को अलग कर दिया गया और यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

सुरक्षा जांच
इंडिगो के प्रवक्ता ने मंगलवार को बताया कि सोमवार को उसकी चार उड़ानों को सुरक्षा अलर्ट मिला। इंडिगो एयरलाइंस की कई उड़ानों को सुरक्षा अलर्ट मिलने के बाद एयरलाइन ने तत्काल कार्रवाई की और संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय में सुरक्षा प्रक्रियाओं का पालन किया। इसके साथ ही एयरलाइन ने यात्रियों को हुई असुविधा के लिए माफी भी मांगी। जानकारी के मुताबिक, मंगलुरु से मुंबई जा रही फ्लाइट 6E 164 को सुरक्षा अलर्ट मिला, जिसके बाद सभी यात्रियों को सुरक्षित उतार लिया गया। अहमदाबाद से जेद्दा जा रही फ्लाइट 6E 75 को लैंडिंग के बाद धमकी मिली। जिसके चलते विमान को अलग इलाके में ले जाया गया और यात्रियों को उतारकर सुरक्षा जांच की गई।

ये भी पढ़ें : सोनम वांगचुक की मांगें पूरी होंगी : लद्दाख के हित के लिए अनशन 16 दिन बाद खत्म, अखिलेश समेत इन नेताओं ने किया था समर्थन

फ्लाइट धमकियों पर केंद्र सरकार के बड़े एक्शन
16 अक्टूबर को केंद्र ने फ्लाइट्स में सुरक्षा बढ़ाते हुए एयर मार्शल की संख्या को दोगुनी कर दी। 19 अक्टूबर को BCAS ने सभी एयरलाइंस के सीईओ के साथ बैठक कर झूठी धमकियों से निपटने के उपायों पर चर्चा की। डीजीसीए चीफ विक्रम देव दत्त को 19 अक्टूबर को पद से हटाकर कोयला मंत्रालय में सचिव बनाया गया।

ये भी पढ़ें : अदालत के हुक्म पर किया अमल : फैजल ने तिरंगे को दी सलामी, 'भारत माता की जय' के लगाए नारे

कुछ फ्लाइट रद्द और डायवर्ट की गईं
इस्तांबुल से दिल्ली जाने वाली फ्लाइट 6E 12 को भी लैंडिंग के बाद सुरक्षा अलर्ट मिला। जिसके बाद विमान को अलग किया गया और यात्रियों को सुरक्षित तरीके से उतारा गया। इसी तरह कोझिकोड से जेद्दा जाने वाली फ्लाइट 6E 65 को रियाद डायवर्ट किया गया। दिल्ली से जेद्दा जाने वाली फ्लाइट 6E 63 को सुरक्षा अलर्ट के चलते मदीना डायवर्ट किया गया। जहां विमान को अलग किया गया और सभी यात्रियों को सुरक्षित तरीके से बाहर निकाला गया।

धमकियों को हल्के में ना ले
लगातार मिल रही इन धमकियों से विमानन कंपनियों को भारी आर्थिक नुकसान हो रहा है साथ ही यात्रियों को भी अनावश्यक देरी और असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। सिविल एविएशन मंत्री राममोहन नायडू ने सोमवार को कहा था कि धमकियां भले ही फर्जी हैं लेकिन हम इन्हें हल्के में नहीं ले सकते। हम इसके खिलाफ सख्त कानून लाएंगे।

Also Read