ऑथर Mazkoor Alam

UP Politics : अखिलेश यादव ने खारिज की इंडिया गठबंधन में मतभेद की बातें, बोले- एकजुटता के साथ जिताएंगे

Uttar Pradesh Times | Akhilesh Yadav

Jan 14, 2024 13:43

अखिलेश यादव ने मकर संक्रान्ति, लोहिड़ी, बिहू, पोंगल आदि पर्वों की बधाई देते हुए कहा कि ये त्योहार सामूहिक रूप से परस्पर सहयोग और सौहार्द के साथ देशभर में मनाए जाते हैं। मकर संक्रान्ति समेत ये त्योहार धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक चेतना को पुष्ट करते हैं।

लखनऊ : समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि इंडिया गठबंधन या कांग्रेस से उनका कोई मतभेद नहीं है। शनिवार को अखिलेश के इंडिया गठबंधन की वर्चुवल बैठक में न शामिल होने से इंडिया गठबंधन में सबकुछ ठीक नहीं होने की खबरें मीडिया में चलनी शुरू हो गई थीं। अखिलेश ने स्पष्ट किया कि प्रत्याशी चाहे जिस दल का भी हो एक बार इंडिया गठबंधन का हिस्सा बन जाने के बाद, उनकी पार्टी पूरी एकजुटता के साथ उसे जिताएगी। 

मकर संक्रान्ति की दी बधाई
अखिलेश यादव ने देश की जनता को मकर संक्रान्ति, लोहिड़ी, बिहू, पोंगल आदि पर्वों की बधाई दी। इसके साथ ही देशवासियों के सुख-समृद्धि की कामना भी की। उन्होंने कहा कि ये त्योहार सामूहिक रूप से परस्पर सहयोग और सौहार्द के साथ देशभर में मनाए जाते हैं। मकर संक्रान्ति समेत ये त्योहार धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक चेतना को पुष्ट करते हैं। 

बोले- लोकतंत्र पर मंडरा रहा है खतरा
राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि इस वक्त लोकतंत्र और संविधान पर खतरा मंडरा रहा है। देश में बेरोजगारी, महंगाई और भ्रष्टाचार चरम पर है। महिलाओं-बच्चियों की जिंदगियां दिन-प्रतिदिन असुरक्षित होती जा रही है। सपा मुखिया ने कहा कि भाजपा इन गंभीर सवालों से किनारा कर जनता को भटकाना चाहती है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की इस नफरती राजनीति का मुकाबला समाजवादी विचारधारा से ही संभव है। 

चुनौतीपूर्ण है लोकसभा चुनाव
सपा नेता ने कहा है कि 2024 में होने वाला लोकसभा चुनाव चुनौतीपूर्ण होने वाला है। इन चुनावों के साथ बहुत सारे ऐसे मुद्दे जुड़े हैं, जिनका लंबे समय तक असर होना है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी उत्तर प्रदेश की सभी 80 सीटों पर भाजपा के नेतृत्व वाली एनडीए गठबंधन को पराजित करने के लिए पीडीए और इंडिया गठबंधन को मजबूती देने के लिए संकल्पित है। उन्होंने कहा कि पीडीए-इंडिया गठबंधन का जो भी प्रत्याशी घोषित होगा, उसे उनकी पार्टी पूरी एकजुटता के साथ जिताएगी। 

Also Read