Ram Mandir : कांग्रेस नेता जाएंगे अयोध्या, रामलला का करेंगे दर्शन

Uttar Pradesh Times | Avinash Pandey and Rahul Gandhi

Jan 07, 2024 14:58

कांग्रेस ने ऐलान किया कि मकर संक्रांति की सुबह 9.13 पर खरमास समाप्त होगा और पार्टी नेता 9.15 पर अयोध्या के लिए रवाना होंगे। अयोध्या पहुंचकर सरयू नदी में स्नान के बाद दल दर्शन-पूजन करेगा।

लखनऊ : कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और उत्तर प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडे लखनऊ दौरे पर हैं। उन्होंने शनिवार शाम प्रदेश अध्यक्ष अजय राय समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं के साथ विचार-विमर्श कर रामलला के दर्शन को अयोध्या जाने का निर्णय लिया। उत्तर प्रदेश कांग्रेस ने जानकारी दी कि प्रदेश प्रभारी और राष्ट्रीय महासचिव अविनाश पांडे और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय के नेतृत्व में कांग्रेस का एक दल मकर संक्रांति के मौके पर 15 जनवरी को अयोध्या जाएगा। 

खरमास समाप्त होते ही दर्शन के लिए निकलेगा यह दल
कांग्रेस ने ऐलान किया कि मकर संक्रांति की सुबह 9.13 पर खरमास समाप्त होगा और पार्टी नेता 9.15 पर अयोध्या के लिए रवाना होंगे। अयोध्या पहुंचकर सरयू नदी में स्नान के बाद दल दर्शन-पूजन करेगा। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने जानकारी दी कि सनातन धर्म के मुताबिक खरमास में कोई नया और धार्मिक कार्य नहीं किया जाता। इसी वजह से हमलोग खरमास खत्म होते ही अयोध्या जाएंगे। राय ने कहा कि कांग्रेस के लोग सनातन धर्म को न सिर्फ मानते हैं, बल्कि उसकी गरिमा भी जानते हैं। अजय राय ने अपने अयोध्या कार्यक्रम की जानकारी देते हुए कहा कि दर्शन-पूजन के बाद जय सियाराम का नारा बुलंद करेंगे। 

बोले- खरमास में भाजपा बांट रही निमंत्रण
अजय राय ने भारतीय जनता पार्टी पर सवाल भी उठाया। उन्होंने कहा कि जब खरमास में कोई शुभ कार्य नहीं होता तो फिर भाजपा अयोध्या राम मंदिर समारोह का निमंत्रण कैसे बांट रही है। राय ने कहा कि भाजपा राम के नाम पर लोगों को बांट रही है। ‘यूपी जोड़ो यात्रा’ का जिक्र करते हुए राय ने कहा कि कांग्रेस ने यात्रा के दौरान मंदिरों में दर्शन पूजन किया तो गुरुद्वारा और मजारों पर जाकर माथा भी टेका। हम सभी धर्म का पूरी तरह सम्मान करते हैं। 

Also Read