Lucknow News : सपा कार्यालय पर लगा विवादित पोस्टर, भाजपा को बताया सबसे बड़ी जातिवादी पार्टी

UPT | समाजवादी पार्टी कार्यालय पर लगा विवादित पोस्टर

Aug 03, 2024 16:15

उत्तर प्रदेश की सियासत में जाति का मुद्दा गर्म हो गया है। इसको लेकर पोस्टर वार शुरू हो गया है। लखनऊ में समाजवादी पार्टी कार्यालय पर एक विवादित पोस्टर लगाया गया है।

Short Highlights
  • सीएम योगी आदित्यनाथ और अनुराग ठाकुर पर साधा निशाना
  • पोस्टर में गोमतीनगर अंडरपास घटना का जिक्र
Lucknow News : उत्तर प्रदेश की सियासत में जाति का मुद्दा गर्म हो गया है। इसको लेकर पोस्टर वार शुरू हो गया है। लखनऊ में समाजवादी पार्टी कार्यालय पर एक विवादित पोस्टर लगाया गया है। समाजवादी लोहिया वाहिनी के राष्ट्रीय सचिव प्रवेश कुमार यादव और सपा नेता विनय रावत द्वारा लगाए गए इस विवादित पोस्टर में भाजपा को सबसे बड़ी जातिवादी पार्टी बताया गया है। पोस्टर के जरिए सीएम योगी आदित्यनाथ और अनुराग ठाकुर पर भी निशाना साधा गया है।

पोस्टर में बताया भाजपा सबसे बड़ी जातिवादी पार्टी
पोस्टर में लिखा गया कि भाजपा सबसे बड़ी जातिवादी पार्टी है। इसका सबूत है, संसद में भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर का कांग्रेस नेता राहुल गांधी से उनकी जाति पूछना। इसके अलावा पोस्टर में गोमतीनगर ताज होटल अंडरपास की घटना का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर भी निशाना साधा गया है। पोस्ट में लिखा है, गोमती नगर घटना को लेकर मुख्यमंत्री ने सिर्फ दो वर्गों का जिक्र किया। जबकि इस घटना में कई जाति वर्ग के 16 लोग शामिल थे। भाजपा जानबूझकर इस मुद्दे पर राजनीतिक समीकरण तैयार कर रही है। पोस्टर लगने के बाद सियासत तेज हो गई है। इस विवादित पोस्टर को लेकर भाजपा ने कड़ी आपत्ति जताई है और इसे राजनीतिक शिष्टाचार के खिलाफ बताया है।

अखिलेश और अवधेश के नारे के साथ पोस्टर लगाए
इससे पहले भी समाजवादी पार्टी कार्यालय पर पोस्टर लगे हैं। लोकसभा चुनाव के बाद समाजवादी पार्टी ने शपथ ग्रहण से एक दिन पहले सभी सांसदों की बैठक बुलाई गई थी। बैठक से ठीक पहले सपा कार्यालय के बाहर अखिलेश यादव की तस्वीर और ‘सबके श्री अखिलेश, अयोध्या के अवधेश’ के नारे के साथ पोस्टर लगाए गए थे।  

अखिलेश यादव के जन्मदिन से पहले लगा था पोस्टर
एक जुलाई को अखिलेश यादव के जन्मदिन से पहले जून में समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय के आगे एक पोस्टर लगाया गया था। उसमें अखिलेश यादव की बड़ी तस्वीर लगाकर उन्हें देश का भावी प्रधानमंत्री बताया गया था। पोस्टर में ऊपर की ओर सपा के संस्थापक मुलायम सिंह यादव और डिंपल यादव की तस्वीर थी। ये होर्डिंग सपा नेता मंजीत यादव ने लगाया था।

Also Read