केशव मौर्य ने ​अखिलेश यादव पर साधा निशाना : डिप्टी सीएम बोले- समाजवादी पार्टी का मतलब गुंडागर्दी, सपा प्रमुख ने किया पलटवार

UPT | उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य।

Aug 03, 2024 15:41

उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने एक बार फिर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधा है। केशव मौर्य ने एक्स पर लिखा- सपा का मतलब सुशासन और विकास नहीं, गुंडागर्दी करना और अपराधियों को संरक्षण देना है।

Short Highlights
  • डिप्टी सीएम ने कहा-भाजपा का संगठन और सरकार मजबूत और अभेद
  • अखिलेश के मुंगेरीलाल के सपने कभी हकीकत में नहीं बदलेंगे
Lucknow News : उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव के बीच जुबानी जंग जारी है। अक्सर ही दोनों नेता एक-दूसरे पर आरोप लगाते दिखाई देते हैं। ऐसे में केशव प्रसाद मौर्य ने एक बार फिर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधा है। वहीं, अखिलेश यादव ने भी पलटवार किया है।

2027 में कमल खिलाएंगे
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शनिवार को एक्स पर लिखा- सपा का मतलब सुशासन और विकास नहीं, गुंडागर्दी करना और अपराधियों को संरक्षण देना है। भाजपा का संगठन और सरकार दोनों मजबूत और अभेद हैं। कांग्रेस के मोहरा सपा बहादुर श्री अखिलेश यादव मुंगेरीलाल के सपने देखो, लेकिन यह हकीकत में कभी नहीं बदलेंगे। 2027 में 2017 दोहरायेंगे और कमल खिलाएंगे।

अयोध्या में दुष्कर्म की घटना को लेकर अखिलेश यादव पर वार
इससे पहले केशव प्रसाद मौर्य ने शुक्रवार को अयोध्या में किशोरी से दुष्कर्म की घटना को लेकर सपा प्रमुख पर बड़ा जुबानी हमला किया था। उन्होंने एक्स पर लिखा- सपा का पीडीए बहुत बड़ा धोखा है। कांग्रेस के मोहरा अखिलेश यादव क्या आपके पीडीए में निषाद समाज और अयोध्या के सपा नेता द्वारा बलात्कार का शिकार हुई बेटी नहीं है। मुस्लिम तुष्टिकरण की राजनीति ने आपकी असलियत ने पीडीए का दुश्मन बना दिया है, जिसका करारा जवाब 2027 में जनता देगी।

सपा को भारी कीमत चुकानी पड़ेगी
केशव प्रसाद मौर्य यही नहीं रुके और आगे लिखा, अयोध्या के पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने को कठोर क़ानूनी कार्रवाई होगी। अखिलेश यादव आप, आपकी पार्टी और आपके सांसद ऐसे अपराधियों को नहीं बचा पाएंगे। लोकसभा चुनाव के बाद से सपाई गुंडे अराजकता पर उतारू हैं। प्रदेश का माहौल ख़राब कर रहे हैं। सपा को इसकी भारी क़ीमत चुकानी पड़ेगी।

अलिखेश यादव ने किया पलटवार
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने केशव प्रसाद मौर्य के आरोपों पर पलटवार करते हुए जौनपुर में लड़की के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना की प्रकाशित खबर शनिवार को इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर पोस्ट की। अखिलेश ने लिखा-कुकृत्य के मामले में जिन पर भी आरोप लगा है उनका डीएनए टेस्ट कराकर इंसाफ का रास्ता निकाला जाए न कि केवल आरोप लगाकर सियासत की जाए। जो भी दोषी हो उसे कानून के हिसाब से पूरी सजा दी जाए, लेकिन अगर डीएनए टेस्ट के बाद आरोप झूठे साबित हों तो सरकार के संलिप्त अधिकारियों को भी न बख्शा जाए। यही न्याय की मांग है।


 

Also Read