ग्रीन कॉरिडोर को मिलेगी रफ्तार : सड़क-पार्क व झीलों का होगा कायाकल्प, 180 करोड़ मंजूर 

UPT | ग्रीन कॉरिडोर को मिलेगी रफ्तार। 

Oct 01, 2024 22:32

राजधानी में ग्रीन कॉरिडोर परियोजना जल्द रफ्तार पकड़ेगी। इसके अलावा सड़क, पार्क और जलाशयों का विकास व सौंदर्यीकरण किया जाएगा।

Lucknow News : राजधानी में ग्रीन कॉरिडोर परियोजना जल्द रफ्तार पकड़ेगी। इसके अलावा सड़क, पार्क और जलाशयों का विकास व सौंदर्यीकरण किया जाएगा। इसके लिए 180 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए हैं। लखनऊ विकास प्राधिकरण में मंगलवार को हुई अवस्थापना निधि की बैठक में यह मंजूरी दी गई। 

इन कामों के लिए धनराशि मंजूर
एलडीए के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि लगभग 70 करोड़ रूपए से प्रस्तावित ग्रीन कॉरिडोर, जी-20 रोड व सरोजनीनगर क्षेत्र में यातायात कार्यों के लिए स्वीकृति प्रदान की गयी। इसके अलावा मोतीझील, बटलर झील, विराज खण्ड झील व जानकीपुरम के सेक्टर-ई में जलाशय के विकास एवं सौंदर्यीकरण के कार्य के लिए 26 करोड़ रूपए स्वीकृत किए गए। विभिन्न चौराहों के सौंदर्यीकरण के लिए 6.2 करोड़ रूपए की धनराशि मंजूर की गयी, जिसमें लोक निर्माण विभाग से समन्वय स्थापित करते हुए कार्य कराए जाएंगे। वहीं, शहर के विभिन्न स्थानों में सड़क निर्माण के लिए 16.52 करोड़ रूपये व नाली के लिए चार करोड़ रूपए दिए गए। 



शक्ति वन में कार्यों के लिए 29 करोड़ स्वीकृत 
उपाध्यक्ष ने बताया कि विभिन्न स्थानों पर पार्क, ग्रीन बेल्ट व अयोध्या रोड स्थित शक्ति वन के शेष कामों के लिए 29 करोड़ रूपये स्वीकृत किए गए। साथ में गोमती रिवर फ्रंट पर हाईमास्ट लाइटें व स्प्रिंक्लर लगवाने के लिए लगभग 10 करोड़ रूपए की धनराशि मंजूर की गयी। बैठक की अध्यक्षता मण्डलायुक्त ड. रोशन जैकब ने की। 
 

Also Read