Lucknow News : लखनऊ में आधी रात बादलों की गरज-चमक के साथ भारी बरसात

UPT | लखनऊ में भारी बारिश

Sep 11, 2024 02:18

प्रदेश की राजधानी लखनऊ में आधी रात तेज़ बारिश ने मौसम का मिजाज बदल दिया। सुबह से उमस भरी गर्मी से देर रात लोगों को निजात मिली।

Lucknow News : लखनऊ में आधी रात तेज़ बरसात ने मौसम सुहाना कर दिया। सितंबर महीने में भी उमस भरी गर्मी से जूझ रहे लोगों को बारिश से कुछ राहत मिली है। अचानक देर रात शहर के कई हिस्सों में बादलों की गरज चमक के साथ भारी बरसात देखी गई। लगभग एक घंटे तक हुई बारिश ने उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत दी है।


निचले इलाकों में जलभराव की शिकायत
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के अधिकतर हिस्सों में मंगलवार देर रात अचानक मूसलाधार बारिश होने लगी। दिन में निकली धूप ने जहां लोगों को परेशान कर रखा है वहीं रात में उमस से लोग जूझ रहे है। हालांकि इस बारिश से लोगों को कुछ हद तक राहत जरूर मिली है। शहर के राजाजीपुरम, सहादतगंज, चौक, ऐशबाग, हुसैनगंज, हजरतगंज, अलीगंज, गोमतीनगर, बाजारखाला, ठाकुरगंज, अमीनाबाद, दुबग्गा समेत कई हिस्सों में आधी रात भारी बरसात देखी गई। हालांकि जहां अधिकतर लोगों के लिए बरसात राहत बनकर बरसी तो वहीं निचले इलाकों में रह रहे लोगों के लिए आफत। पुराने लखनऊ के कश्मीरी मोहल्ला, महमूद नगर, पुल गुलाम हुसैन में देर रात हुई बरसात से जलभराव हो गया।

मामूली बरसात में ही इन इलाकों का हाल बुरा हो जाता है। वहीं भारी बारिश में यहां घुटनों तक पानी भर जाता है। जिससे स्थानीय लोगों के साथ यहां से गुजरने वाले राहगीरों भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।

Also Read