नगर निगम की लापरवाही : ओपन जिम में किशोर की करंट लगने से मौत

UPT | ओपन जिम में किशोर की करंट लगने से मौत।

Sep 01, 2024 15:13

स्थानीय निवासियों ने बताया की पार्क में लगी हाई मास्क लाइट के तारों में करंट आ रहा था। कई बार शिकायत के बावजूद भी नगर निगम के कर्मचारियों ने इसे ठीक नहीं किया।

Lucknow News : राजधानी के शंकरपुरवा प्रथम वार्ड के गायत्री पुरम यूनिटी सिटी पार्क में रविवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ। इलाके का रहने वाल अभिषेक कुमार गौतम (14 वर्ष ) की ओपन जिम में कसरत करते समय करंट लगने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि यह हादसा नगर निगम के मार्ग प्रकाश विभाग की लापरवाही के चलते हुआ।

कई बार की गई शिकायत 
स्थानीय निवासियों ने बताया की पार्क में लगी हाई मास्क लाइट के तारों में करंट आ रहा था। कई बार शिकायत के बावजूद भी नगर निगम के कर्मचारियों ने इसे ठीक नहीं किया। अभिषेक प्रतिदिन इसी पार्क में कसरत करने आता था और यहीं पास में रहता था। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोग एकत्र हुए और पुलिस को सूचना दी। गुडम्बा थाने की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर किशोर को ट्रामा सेंटर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने लेसा के कर्मचारियों को बुलाकर पार्क की लाइटें बंद करवाईं।

अधिकारियों पर लगे आरोप
स्थानीय निवासियों का कहना है कि उन्होंने इस समस्या की जानकारी कई बार एई ईशांत पांडे, जेई कृष्ण कुमार और लाइनमैन संतोष को दी थी, लेकिन उनके द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। यहां तक कि खुले तारों को टेप से कवर करने की भी जहमत नहीं उठाई गई। घटना के बाद नगर निगम के इंजीनियर और अधिकारी मौके पर पहुंचे। नगर आयुक्त इंद्रजीत सिंह ने इस मामले में दोषी इंजीनियरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

परिवार और स्थानीय निवासियों में आक्रोश
इस दुखद घटना के बाद स्थानीय निवासियों और मृतक के परिवार में गहरा आक्रोश है। लोगों का कहना है कि अगर समय रहते नगर निगम के कर्मचारी अपनी जिम्मेदारी निभाते, तो इस मासूम की जान बचाई जा सकती थी। अब देखना यह है कि इस मामले में नगर निगम की ओर से क्या कदम उठाए जाते हैं और दोषियों के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाती है। ऐसी घटना लखनऊ में पिछले कुछ महीनों में दूसरी बार हुई है जब नगर निगम की लापरवाही के कारण किसी की जान गई है। इससे पहले जोन आठ में एलडीए कॉलोनी के फिनिक्स मॉल के पास एक छात्रा की स्ट्रीट लाइट के खंभे में करंट आने से मौत हो गई थी।

Also Read