Lucknow Crime : विधानभवन के सामने खुद को आग लगाने वाले युवक की मौत, टेंट मालिक नहीं दे रहा था वेतन

UPT | मृतक मुन्ना विश्वकर्मा।

Oct 14, 2024 21:12

राजधानी में विधानसभा के सामने खुद को आग लगाने वाले मुन्ना विश्वकर्मा (40 वर्ष) ने सोमवार को दम तोड़ दिया। सिविल अस्पताल में छह दिन से उनका इलाज चल रहा था।

Lucknow News : राजधानी में विधानसभा के सामने खुद को आग लगाने वाले मुन्ना विश्वकर्मा (40 वर्ष) ने सोमवार को दम तोड़ दिया। सिविल अस्पताल में 7 दिन से उनका इलाज चल रहा था। आर्थिक तंगी से जूझ रहे मुन्ना ने बंगाल टेंट हाउस में काम करते थे। वेतन नहीं मिलने से आजिज आकर सात अक्टूबर को खुद को आग लगा ली थी।

50 प्रतिशत बर्न इंजरी आई थी
मुन्ना विश्वकर्मा सहादतगंज थाना क्षेत्र के झाब्बारन टोला का रहने वाले थे। विश्वकर्मा सात अक्टूबर को दोपहर 3:15 बजे विधानभवन के सामने पहुंचे। इस दौरान शरीर पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर खुद को आग लगा ली थी। आत्मदाह निरोधी दस्ते ने उन्हें सिविल अस्पताल पहुंचाया था। मुन्ना विश्वकर्मा पचास प्रतिशत झुलस गए थे। आज वह जिंदगी से जंग हार गए।  



जानिए पूरा मामला
मुन्ना विश्वकर्मा आलमबाग स्थित बंगाल टेंट हाउस में ई-रिक्शा से सामान ढोने का काम करते थे। टेंट हाउस मालिक रंजीत चक्रवर्ती वेतन नहीं दे रहा था। जिसे लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया था। पीड़ित ने आलमबाग थाने में टेंट हाउस मालिक के खिलाफ शिकायत की थी। मुन्ना का आरोप था कि पुलिस ने शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं की, बल्कि उल्टे थाने में बुलाकर उनकी ही पिटाई कर दी थी। मुन्ना ने बताया था कि पैसे की कमी के कारण वह अपने बच्चे की फीस तक जमा नहीं कर पा रहे थे। जिससे तंग आकर उन्होंने यह आत्मघाती कदम उठाया था। मुन्ना के परिवार में पत्नी, एक बेटी और एक बेटा है।

आत्मदाह के बाद महिला की हुई थी मौत
इससे पहले 6 अगस्त को मुख्यमंत्री आवास के पास उन्नाव जनपद की अंजली जाटव (40 वर्ष) ने खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली थी। उसे गंभीर हालत में केजीएमयू में भर्ती कराया गया था। 11 अगस्त को उसने दम तोड़ दिया था। महिला 85 प्रतिशत जल चुकी थी। महिला का दो साल का बच्‍चा भी घटना के समय उसके साथ था। वकील सुनील कुमार के उकसाने पर महिला ने यह यह कठोर कदम उठाया था। पुलिस ने इस मामले में आरोपी वकील को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। महिला का परिवारिक विवाद चल रहा था।

Also Read