Raebareli News : खेलने गए मासूम की ट्रैक्टर की चपेट में आकर मौत, नानी की यहां रहकर कर रहा था पढ़ाई

UPT | थाना मिल एरिया में हृदयविदारक घटना

Oct 15, 2024 12:22

मिल एरिया थाना क्षेत्र के देवानंद पुर में अपने नाना नानी के यहां रहने वाला एक नाबालिक बच्चा ट्रेक्टर की चपेट में आ गया। चश्मदीदों ने बताया कि घायल अवस्था में बच्चे को अस्पताल ले जाया गया जहाँ डॉक्टर ने बताया की बच्चा पहले ही मर चुका है। घटना के बाद से इलाके में मातम पसरा है।

Raebareli News : रायबरेली के मिल एरिया थाना क्षेत्र के देवानंदपुर गांव में एक चार वर्षीय मासूम बच्चे की ट्रैक्टर की चपेट में आने से मौत हो गई। यह खबर सुनते ही पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।

हादसे के समय घर के बाहर खेल रहा था बच्चा
जानकारी के अनुसार, मृतक बालक की पहचान विराज सोनकर के रूप में हुई है, जो टोनी सोनकर का पुत्र था और मूल रूप से लखनऊ का निवासी था। विराज अपने नाना-नानी के साथ देवानंदपुर में रह रहा था और यहीं से अपनी पढ़ाई कर रहा था। हादसा उस समय हुआ जब वह शाम के समय घर के बाहर खेल रहा था। 


घायल बच्चे को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया
स्थानीय लोगों के अनुसार, घटनास्थल पर एक आरएन ट्रेडर्स नाम की सरिया और सीमेंट की दुकान के सामने एक ट्रैक्टर खड़ा था। ट्रैक्टर का चालक फूलचंद, जो लोहारिया का निवासी है, बिना किसी को सूचित किए ट्रैक्टर को चलाने लगा। इसी दौरान अचानक विराज ट्रैक्टर के नीचे आ गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों ने तुरंत घायल बच्चे को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना ने पूरे परिवार और समुदाय को गहरे शोक में डुबो दिया है।

पुलिस ने फरार हुए ट्रैक्टर चालक को गिरफ्तार किया
मिल एरिया थाना के प्रभारी संजय सिंह ने इस घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाही करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उन्होंने यह भी बताया कि घटना के बाद फरार हुए ट्रैक्टर चालक फूलचंद को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अधिकारी ने आगे कहा कि मृतक के परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। उन्होंने आश्वासन दिया कि इस मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही बरतने वाले व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

Also Read