Shine City Fraud : करोड़ों की ठगी में 50 हजार का इनामी अखिल कुमार गिरफ्तार, 400 केस हैं दर्ज

UPT | शाइन सिटी फ्राड मामले में गिरफ्तार अखिल कुमार

Sep 05, 2024 15:26

एडीसीपी उत्तरी जितेंद्र कुमार दुबे ने बताया कि गिरफ्तारी अपराधी अखिल कुमार यादव प्रतापगढ़ जनपद के कुंडा क्षेत्र का रहने वाला है। इसका आपराधिक इतिहास है। शाइन सिटी इंफ्रा प्रोजेक्ट प्राइवेट लिमिटेड से जुड़कर ये ठगी के मामले में लिप्त रहा है।

Lucknow News : करोड़ों की ठगी के मामले में रीयल एस्टेट कंपनी शाइन सिटी इंफ्रा प्रोजेक्ट प्राइवेट लिमिटेड से जुड़े एक और फरार अपरधी को पुलिस ने गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की है। इसे गुरुवार को क्राइम ब्रांच और मड़ियांव पुलिस ने संयुक्त ऑपरेशन में धर दबोचा। ये शातिर काफी समय से पुलिस को चकमा दे रहा था और इसकी गिरफ्तारी पर 50 हजार का इनाम घोषित किया गया था।

प्रतापगढ़ के कुंडा का रहने वाला है गिरफ्तार अखिल कुमार
एडीसीपी उत्तरी जितेंद्र कुमार दुबे ने बताया कि गिरफ्तारी अपराधी अखिल कुमार यादव पुत्र अशोक यादव प्रतापगढ़ जनपद के कुंडा क्षेत्र का रहने वाला है। इसका आपराधिक इतिहास है और गोमतीनगर पुलिस थाने में इसके खिलाफ केस दर्ज है। शाइन सिटी इंफ्रा प्रोजेक्ट प्राइवेट लिमिटेड से जुड़कर ये ठगी के मामले में लिप्त रहा है। जनता को लुभावने सपने दिखा कर ये और इसके साथ लोगों से बड़ी रकम ठग चुके हैं। लोगों को धोखा देकर उनकी रकम को डिपोजिट कराकर कम समय में ज्यादा मुनाफा देने का लालच देते थे। इसके बाद उन्हें रुपए नहीं लौटाए जाते थे। कई शातिर किए जा चुके हैं गिरफ्तार
शाइन सिटी फ्राड मामले में केस दर्ज करने के बाद ईओडब्ल्यू की टीम जांच में जुटी है। अब तक कई फरार शातिर गिरफ्तार किए जा चुके हैं। एडीसीपी उत्तरी जितेंद्र कुमार दुबे ने बताया कि अरेस्ट हुए आरोपी अखिल पर 400 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। वहीं हजारों करोड़ की ठगी करने वाली रीयल एस्टेट कंपनी शाइन सिटी इंफ्रा प्रोजेक्ट प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक राशिद नसीम के खिलाफ कुछ दिन पहले ही गोमती नगर थाने में एक और एफआईआर दर्ज हुई है। ईडी अब तक शाइन सिटी संचालकों की 160.28 करोड़ की संपत्तियां जब्त कर चुका है।

मुख्य संचालक राशिद नसीम को देश में वापस लेने की कोशिश
ईडी शाइन सिटी का मुख्य संचालक राशिद नसीम के खिलाफ भगोड़ा आर्थिक अपराधी एक्ट 2018 (Fugitive Economic Offender Act-FEO) के तहत मामला दर्ज कर वापस देश में लाने की कोशिश में जुटी है। इसके एक्ट के तहत कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए देश छोड़ने वाले आर्थिक अपराधियों पर एक्शन लिया जाता है। राशिद नसीम दुबई में बैठकर नेटवर्क चला रहा है। वह दुबई से कई देशों में हीरे-सोने का व्यापार कर रहा है। वर्ष 2018 में उसने अमेरिका, लंदन, न्यूजीलैंड, कनाडा, डेनमार्क, स्वीडन, आयरलैंड, हांगकांग, सिंगापुर, नार्वे, स्विटजरलैंड, फिनलैंड, मलेशिया, जार्जिया देशों में अपनी कम्पनियां शुरू करने की घोषणा की थी। राशिद नसीम पर लोगों को प्लाट, रुपए दोगुना करने, सोने और हीरे में निवेश कराने एवं अन्य लुभावनी योजनाओं में फंसाकर 60 हजार करोड़ से अधिक की ठगी करने का आरोप है।

नेपाल में जमानत मिलते ही दुबई फरार हो गया राशिद नसीम
राशिद नसीम के खिलाफ देश भर में पांच हजार से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। 400 से अधिक मुकदमे तो सिर्फ लखनऊ के गोमतीनगर थाने में ही दर्ज हैं। इनकी जांच इओडब्ल्यू (आर्थिक अपराध शाखा) कर रही है। इसके अलावा राशिद के खिलाफ ईडी भी काईवाई कर रही है। राशिद नसीम को वर्ष 2019 में नेपाल के काठमांडू से गिरफ्तार किया गया था। बाद में नेपाल से उसे जमानत मिल गई थी। इसके बाद वह दुबई भाग गया था।

Also Read