वैश्विक टूरिस्ट डेस्टिनेशन के रूप में उभर रहा यूपी : अयोध्या ने कायम किया रिकॉर्ड, जानें अन्य शहरों का हाल

UPT | Ayodhya Ram Mandir

Sep 27, 2024 10:10

यूपी पर्यटकों की पहली पसंद बना हुआ है, ये आंकड़ों से साफ नजर आ रहा है। वर्ष 2023 और 2024 के शुरुआती छह महीनों में ये बात सामने आई है। जनवरी से जून 2023 में 19.53 करोड़ घरेलू पर्यटक यूपी आए, जबकि 2024 में यह संख्या 32.28 करोड़ तक पहुंच गई।

Lucknow News : उत्तर प्रदेश ने घरेलू और विदेशी पर्यटन में शानदार प्रदर्शन किया है। खासतौर पर धार्मिक शहरों में घरेलू पर्यटनकों की संख्या बेहद तेजी से बढ़ी है। देश के अलग अलग हिस्सों से यूपी के धर्मिक स्थलों पर दर्शन पूजन और घूमने के लिए आने वाले पर्यटकों की संख्या काफी बढ़ी है। साथ ही ऐतिहासिक शहरों में विदेशी पर्यटकों का भी रुझान पहले की अपेक्षा बढ़ रहा है। यूपी पर्यटन के अधिकारी इन आंकड़ों से बेहद खुश हैं। 

पर्यटकों की मनपसंद जगह बना यूपी
यूपी पर्यटकों की पहली पसंद बना हुआ है, ये आंकड़ों से साफ नजर आ रहा है। वर्ष 2023 और 2024 के शुरुआती छह महीनों में ये बात सामने आई है। जनवरी से जून 2023 में 19.53 करोड़ घरेलू पर्यटक यूपी आए, जबकि 2024 में यह संख्या 32.28 करोड़ तक पहुंच गई। इसी तरह, विदेशी पर्यटकों की संख्या में भी वृद्धि दर्ज की गई, जो 2023 में 6.70 लाख थी, वह 2024 में 10.36 लाख हो गई। घरेलू पर्यटन में 60% और विदेशी पर्यटन में 40% की वृद्धि दर्ज की गई है।



बेहतर कनेक्टिविटी ने पर्यटन में दी गति
पर्यटन जानकारों और ट्रैवेल कारोबार से जुड़े लोगों के अनुसार, सड़क, रेल, और हवाई कनेक्टिविटी में सुधार का भी पर्यटन वृद्धि पर सकारात्मक प्रभाव पड़ा है। धार्मिक शहरों के लिए वंदेभारत जैसी तेज ट्रेनों के चलने से लोग कम समय में यात्रा की योजना बनाने लगे हैं। पर्यटन विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, 2022 में यूपी में कुल 32.18 करोड़ पर्यटक आए थे, जबकि 2024 के पहले छह महीनों में ही यह संख्या 32.98 करोड़ हो गई है। यह स्पष्ट संकेत है कि पर्यटकों की संख्या में तेज वृद्धि हो रही है।

अयोध्या पर्यटकों की संख्या में बना रहा रिकॉर्ड 
श्रीराम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के कारण अयोध्या ने सभी धार्मिक स्थलों को पीछे छोड़ दिया है। अयोध्या में 2024 के शुरुआती छह महीनों में 10.99 करोड़ लोग पहुंचे, जिसमें 2851 विदेशी पर्यटक शामिल नहीं थे। केवल जनवरी में ही 6.98 करोड़ लोगों ने अयोध्या में दर्शन किए, जो अब तक का एक नया रिकॉर्ड है। रिसर्च फर्म जैफरीज की एक रिपोर्ट के अनुसार, भविष्य में अयोध्या का यह मंदिर मक्का और वेटिकन सिटी जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों को भी पीछे छोड़ सकता है। वहीं अयोध्या के बाद दूसरे स्थान पर वाराणसी रहा, जहां छह महीनों में 4.59 करोड़ लोग पहुंचे, जिसमें 1.33 लाख विदेशी पर्यटक शामिल नहीं थे।

आगरा बना विदेशी पर्यटकों की पहली पसंद
विदेशी पर्यटकों के मामले में ऐतिहासिक शहर आगरा हमेशा की तरह सबसे आगे रहा। जनवरी से जून 2024 तक, आगरा में 7.03 लाख विदेशी पर्यटक पहुंचे, जबकि अयोध्या में केवल 2851 विदेशी पर्यटक आए। विदेशी पर्यटकों के मामले में दूसरे स्थान पर वाराणसी और तीसरे स्थान पर मथुरा रहा। यूपी सरकार विदेशी पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए आध्यात्मिक स्थलों और सांस्कृतिक धरोहर का वैश्विक प्रचार कर रही है।

आने वाले वर्षों में घरेलू और विदेशी पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि घरेलू पर्यटन को और विकसित करने की योजना बनाई जा रही है। विदेशी पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए कई योजनाएं लागू की जा रही हैं, जिनमें एडवेंचर, रूरल टूरिज्म, और वाटर स्पोर्ट्स पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। प्रदेश में विश्वस्तरीय पर्यटन सुविधाएं भी विकसित की जा रही हैं, जिससे यूपी वैश्विक पर्यटन नक्शे पर एक महत्वपूर्ण स्थान बना सके। उन्होंने कहा है कि प्रदेश सरकार निरंतर पर्यटन स्थलों और सुविधाओं के विकास पर काम कर रही है, जिससे अयोध्या जैसे धार्मिक शहरों और अन्य स्थलों पर पर्यटकों की संख्या में वृद्धि हो रही है। उत्तर प्रदेश एक प्रमुख वैश्विक टूरिस्ट डेस्टिनेशन के रूप में उभर रहा है।
 

Also Read