Weather News : भीषण गर्मी में तप रहे शहर, तीन दिन में पांच डिग्री बढ़ा तापमान

UPT | पश्चिम यूपी में भीषण गर्मी के चलते तप रहे जंगल।

May 27, 2024 00:30

दिन का तापमान 43 व रात का 29 डिग्री के पार पहुंच गया है। रात का तापमान सामान्य से ऊपर है। जिस कारण रात में गर्मी के के चलते लोगों की नींद उड़ रही है। उन्होंने बताया कि दिन का अधिकतम तापमान 43 डिग्री...

Short Highlights
  • नौ तपा के दूसरे दिन तापमान में आया उछाल
  • गर्मी बढ़ने से डायरिया और बुखार के मरीज बढ़े
  • गर्मी के प्रकोप के चलते लोगों की नींद उड़ी
Weather News : जेठ में बढ़ती गर्मी ने लोगों के होश उड़ा दिए हैं। भीषण गर्मी में दिल्ली-एनसीआर और पश्चिम यूपी के शहर तप रहे हैं। मौसम वैज्ञानिक का अनुमान है कि आने वाले दिनों में तापमान और अधिक बढ़ेगा। जेठ माह में जितनी गर्मी अधिक होगी। मानसून के दौरान बारिश उतनी ही अच्छी होगी। इससे किसानों को फायदा होगा। नौ तपा के दूसरे दिन तापमान 43 डिग्री पर पहुंच गया है।

तापमान बढ़ने से पूरे दिन लोगों का पसीना छूट रहा
गाजियाबाद, मेरठ, बागपत, नोएडा और बुलंदशहर का औसत अधिकतम तापमान 43.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया है। तीन दिन पहले मेरठ का अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया था। जो कि अब बढ़कर 43 डिग्री पर पहुंच गया है। यानी तीन दिन में तापमान में 5 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हुई है। नौ तपा का पूरा असर देखने को मिल रहा है। लोग गर्मी में झुलस रहे हैं। दोपहर में बाजारों और सड़कों पर भीड़ नजर नहीं आ रही है। तापमान बढ़ने से पूरे दिन लोगों का पसीना छूट रहा है। 

मेरठ में 43 पर पहुंचा अधिकतम तापमान
मौसम वैज्ञानिक सूरज देव के अनुसार दिन और रात के तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। दिन का तापमान 43 व रात का 29 डिग्री के पार पहुंच गया है। रात का तापमान सामान्य से ऊपर है। जिस कारण रात में गर्मी के के चलते लोगों की नींद उड़ रही है। उन्होंने बताया कि दिन का अधिकतम तापमान 43 डिग्री व रात का न्यूनतम तापमान 29.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 

बागपत में 43.2 डिग्री सेल्सियस पर तापमान
बागपत में 43.2 डिग्री सेल्सियस पर तापमान पहुंच गया है। बागपत में भी आसमान से आग बरस रही है। बागपत जिले में आसमान में बरसती आग के बीच गर्मी अधिक होने के कारण डायरिया और बुखार का प्रकोप बढ़ा है। सीएचसी से लेकर जिला अस्पताल तक ओपीडी में मरीजों की लाइनें लगी हुई हैं। 

शरीर में पानी की कमी होने और दूषित खाद्य पदार्थ खाने से डायरिया की संभावना
डॉक्टरों ने लोगों को गर्मी से बचाव और खान-पान का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी है। चिकित्सकों का कहना है कि गर्मी में खान-पान में लापरवाही बरतने से लोग बुखार और डायरिया के शिकार हो रहे हैं। मेरठ सीएमओ डॉ. अखिलेश मोहन ने बताया कि इन दिनों शरीर में पानी की कमी होने और दूषित खाद्य पदार्थ खाने से डायरिया की संभावना होती है। डायरिया होने से पेट में ऐंठन, उल्टी, बुखार, भूख में कमी की समस्या होती है। इससे मरीज को कमजोरी महसूस होती है। ऐसी स्थिति से बचने के लिए घर से निकलते समय कपड़े से शरीर ढककर निकलें। पानी खूब पिएं और ताजे फलों का सेवन करें। उल्टी-दस्त होने पर ओआरएस का घोल पीएं। 

Also Read