बागपत में बड़ी वारदात : सास-बहू की गला रेतकर बेरहमी से हत्या, मचा हड़कंप

UPT | Baghpat News

Apr 30, 2024 21:33

उत्तर प्रदेश के बागपत जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। जिसमें एक सास और उसकी बहू की बेरहमी से गला रेतकर हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद इलाके में...

Baghpat News : उत्तर प्रदेश के बागपत जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। जिसमें एक सास और उसकी बहू की बेरहमी से गला रेतकर हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। वहीं सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस और अधिकारियों ने जांच पड़ताल शुरू कर दी है। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया। साथ ही कातिलों की तलाश में पुलिस जुट गई है।

वारदात के बाद मचा हड़कंप
बताया गया कि हलालपुर गांव में मंगलवार की शाम करीब 4 बजे अज्ञात व्यक्तियों द्वारा घर में घुसकर 58 वर्षीय महिला सरोज और उसकी 25 वर्षीय बहू वर्षा की गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी गई। वारदात के समय घर पर सरोज और उनकी बहू वर्षा ही मौजूद थीं। जितेंद्र खोखर जो दिल्ली पुलिस से दारोगा के पद से सेवानिवृत्त हैं, घटना के समय अपने बड़े बेटे के पास दिल्ली गए हुए थे, जो वहां फायर ब्रिगेड में कार्यरत है। वर्षा का पति भी किसी काम से बाहर गया हुआ था। जब वह वापस लौटा तो उसने घर के अंदर ही अपनी पत्नी और मां की लाशें पड़ी देखीं। उसने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

वारदात को लेकर पुलिस जांच में जुटी
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही घटनास्थल का भी मुआयना किया गया। बागपत के एसपी अर्पित विजयवर्गीय ने बताया कि हत्या के तमाम पहलुओं पर विस्तृत जांच की जा रही है। अभी तक पुलिस यह पता नहीं लगा पाई है कि इस जघन्य अपराध को किसने और क्यों अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि सरोज और उनकी बहू वर्षा की लूट के इरादे से हत्या की गई है। पुलिस इस केस पर काम कर रही है और जल्द ही इसके तार सुलझाने की उम्मीद है। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। लोग हैरान हैं कि दोनों की इतनी निर्मम तरीके से हत्या की गई। पुलिस से आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द से जल्द खोज निकालने की मांग की जा रही है।

Also Read