भाकियू का बड़ा ऐलान : 26 जनवरी को देशभर में करेंगे ट्रैक्टर परेड, 16 फरवरी को भारत बंद 

Uttar Pradesh Times | भारतीय किसान यूनियन

Jan 19, 2024 19:19

भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत जी ने अधिवेशन के अंतिम दिन आयोजित पंचायत को संबोधित करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार के द्वारा घोषित किए गए गन्ने का मूल्य काफी नहीं है।

Short Highlights
  • गन्ना मूल्य पर बढ़ाए गए 20 रुपये से किसान संगठनों में आक्रोश
  • चार दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन किसान महाकुंभ के अंतिम दिन किसान महापंचायत का आयोजन
Meerut News : प्रदेश सरकार के द्वारा गन्ना मूल्य पर बढ़ाए गए 20 रुपये से किसान संगठनों में आक्रोश है। किसान संगठन गन्ना समर्थन मूल्य 400 रुपये से अधिक करने की मांग कर रहे थे। प्रयागराज में आयोजित भाकियू के चार दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन किसान महाकुंभ के अंतिम दिन किसान महापंचायत का आयोजन किया गया। जिसमें पश्चिम यूपी से गए किसानों सहित क्रिया योग आश्रम के आचार्य ने भाग लिया है।

सरकार के फैसले से किसान नाराज
भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत जी ने अधिवेशन के अंतिम दिन आयोजित पंचायत को संबोधित करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार के द्वारा घोषित किए गए गन्ने का मूल्य काफी नहीं है। 20 रुपये बढ़ने से किसान को निराशा हुई है। प्रदेश का किसान 400 रुपये से अधिक गन्ना मूल्य घोषित होने की आशा कर रहा था। क्योंकि खेती पर प्रतिदिन खर्च बढ़ता जा रहा है, इसके अनुपात में किसान को फसल का वाजिब दाम नहीं मिल रहा है। उन्होंने कहा कि हम सभी को मिलकर अपने जनपदों के अंतर्गत आने वाली ग्राम इकाई को मजबूत करना होगा। संगठन में युवा इकाई का कार्य समस्याओं के लिए ज्ञापन देना नहीं है।

26 जनवरी को निकलेगी ट्रैक्टर परेड
राष्ट्रीय प्रवक्ता ने कहा कि हम 26 जनवरी को देश भर में ब्लॉक और तहसील स्तर पर ट्रैक्टर परेड निकालेंगे। हमने दिल्ली में हुए किसान आंदोलन में भी ट्रैक्टर परेड निकाली थी। देश का किसान 16 फरवरी को भारत बंद के साथ-साथ खेती किसानी के सभी कार्य भी एक दिन नहीं करेगा। अपनी सभी मांगों को लेकर देश की राजधानी दिल्ली में 14 मार्च को एक दिवसीय किसान महापंचायत का आयोजन करेगा, जिसमें देश भर के किसान शामिल होंगे।

ये सभी रहे मौजूद
शुक्रवार को राष्ट्रीय अधिवेशन के अंतिम दिन महापंचायत में भारतीय किसान यूनियन के गौरव टिकैत, राष्ट्रीय महासचिव राजवीर सिंह जादौन, उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष राजपाल शर्मा, युवा प्रदेश अध्यक्ष उत्तर प्रदेश अनुज सिंह, राष्ट्रीय सचिव घनश्याम वर्मा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष पवन खटाना, प्रमुख प्रदेश महासचिव विजेंद्र सिंह यादव, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष कुशलपल आर्य, राष्ट्रीय सचिव डॉक्टर नौ सिंह, राष्ट्रीय प्रचार मंत्री चौधरी करुआ सिंह, राष्ट्रीय संगठन मंत्री चौधरी गजेंद्र सिंह, राष्ट्रीय प्रचार मंत्री चौधरी होशियार सिंह, मध्य प्रदेश के अध्यक्ष अनिल यादव ने हिस्सा लिया। पंचायत की अध्यक्षता शालिग्राम यादव ने की और संचालन राष्ट्रीय महासचिव ओमपाल मलिक ने किया।

Also Read