नोएडा में लगाए गए ‘बटेंगे तो कटेंगे’ होर्डिंग पर विवाद : सपा ने उठाए सवाल, कह दी ये बड़ी बात 

UPT | नोएडा डीएनडी पर यह होर्डिंग लगाया गया है।

Oct 25, 2024 21:45

समाजवादी पार्टी के युवा सभा के राष्ट्रीय सचिव अक्षय सिंह भाटी ने कहा कि पड़ोसी जिले गाज़ियाबाद में विधानसभा उपचुनाव के चलते आचार संहिता लागू है। ऐसे समय में नोएडा, दिल्ली और गाज़ियाबाद की सीमा पर इन होर्डिंग्स का लगना मॉडल कोड ऑफ कंडक्ट का उल्लंघन है।

Noida News : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का स्लोगन “बटेंगे तो कटेंगे” लिखे होर्डिंग्स अब मुंबई के बाद नोएडा में भी लगाए गए हैं। इन होर्डिंग्स पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की फोटो के साथ यह स्लोगन देखा जा सकता है। शुक्रवार को यह होर्डिंग्स नोएडा और दिल्ली के बीच डीएनडी और शहर के विभिन्न हिस्सों में लगाए गए हैं। इन होर्डिंग्स को भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य ऋषभ राज शर्मा ने लगवाया है।

सपा ने जताया विरोध
इस पर समाजवादी पार्टी ने कड़ा विरोध जताया है। समाजवादी पार्टी के युवा सभा के राष्ट्रीय सचिव अक्षय सिंह भाटी ने कहा कि पड़ोसी जिले गाज़ियाबाद में विधानसभा उपचुनाव के चलते आचार संहिता लागू है। ऐसे समय में नोएडा, दिल्ली और गाज़ियाबाद की सीमा पर इन होर्डिंग्स का लगना मॉडल कोड ऑफ कंडक्ट का उल्लंघन है। अक्षय सिंह भाटी ने मांग की कि गौतम बुद्ध नगर जिला प्रशासन को इस मामले में कार्रवाई करनी चाहिए। यह विवाद ऐसे समय में सामने आया है जब गाज़ियाबाद में उपचुनाव का माहौल है और आदर्श आचार संहिता लागू है। समाजवादी पार्टी का आरोप है कि इस तरह के होर्डिंग्स चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन करते हैं और इसे जल्द हटाने की आवश्यकता है।

मुंबई में योगी आदित्यनाथ की तस्वीर, ‘बटेंगे तो कटेंगे’ संदेश वाले लगाए गए थे पोस्टर 
कुछ दिन पहले महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के मद्देनजर मुंबई के कई इलाकों में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तस्वीर और ‘‘बंटेंगे तो कटेंगे’’ संदेश वाले पोस्टर लगाए गए थे। जिस पर काफी बवाल मचा था। इस मामले में भाजपा की मुंबई इकाई के प्रमुख आशीष शेलार ने कहा था कि उनकी पार्टी ने पोस्टर नहीं लगाए हैं। उन्होंने कहा कि कई लोगों को लगता है कि अगर वोटों में बंटवारा होता है तो उसका नुकसान समाज को उठाना पड़ेगा। महाराष्ट्र में 20 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले लगाए इन पोस्टर में विश्वबंधु राय का नाम लिखा है। शेलार ने कहा कि पार्टी ने पोस्टर नहीं लगाए हैं और न ही पार्टी में राय किसी पद पर हैं।

शेलार ने कहा कि यहां बड़ी संख्या में लोगों का यह मानना है कि अगर वोट कटेंगे तो विकास नहीं होने से समाज को नुकसान होगा। कई लोगों को लगता है कि उन्हें एकजुट रहना चाहिए और विकास एवं समृद्धि के लिए एकजुट होकर वोट देना चाहिए। उल्लेखनीय है कि भाजपा के वरिष्ठ नेता आदित्यनाथ ने अगस्त में लोगों से समृद्धि की पराकाष्ठा पर पहुंचने के लिए एकजुट रहने का अनुरोध करते हुए कहा था कि बांग्लादेश में जो गलतियां हुई हैं, वे भारत में नहीं होनी चाहिए। आगरा में एक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कथित तौर पर कहा था कि आप देख रहे हैं बांग्लादेश में क्या हो रहा है? वे गलतियां यहां नहीं होनी चाहिए। बटेंगे तो कटेंगे। एक रहेंगे तो नेक रहेंगे, सुरक्षित रहेंगे और समृद्धि की पराकाष्ठा पर पहुंचेंगे।

Also Read