नोएडा में चेन स्नैचर का खौफ : अब गहने पहनकर घर से नहीं निकलेंगी महिलाएं, सोसाइटी ने जारी की एडवाइजरी

UPT | नोएडा में चेन स्नैचर का खौफ

Jul 22, 2024 14:45

इको विलेज वन सोसाइटी ने अपने सभी व्हाट्सएप ग्रुप्स पर एक एडवाइजरी जारी की है। इस एडवाइजरी में महिलाओं को सलाह दी गई है कि वे घर से बाहर निकलते समय कम गहने पहनें और अधिक सावधानी बरतें।

Greater Noida News : ग्रेटर नोएडा वेस्ट में बढ़ती चेन स्नैचिंग की घटनाओं के कारण स्थानीय निवासी चिंतित हैं। पुलिस इन अपराधों को रोकने में असफल रही है, जिससे लोगों को स्वयं सतर्क रहने की आवश्यकता महसूस हो रही है। इसलिए इको विलेज वन सोसाइटी ने अपने सभी व्हाट्सएप ग्रुप्स पर एक एडवाइजरी जारी की है। इस एडवाइजरी में महिलाओं को सलाह दी गई है कि वे घर से बाहर निकलते समय कम गहने पहनें और अधिक सावधानी बरतें। निवासियों से कहा गया है कि वे अपनी सुरक्षा स्वयं सुनिश्चित करें। यह एडवाइजरी स्थानीय समुदाय में बढ़ती असुरक्षा की भावना को दर्शाती है और लोगों को स्व-सुरक्षा के लिए प्रेरित करती है, जबकि स्थानीय प्रशासन से अधिक प्रभावी कार्रवाई की मांग भी उठ रही है।
  पुलिस दर्ज नहीं करती एफआईआर
ग्रेटर नोएडा वेस्ट की इको विलेज वन सोसाइटी द्वारा जारी एडवाइजरी में निवासियों को सतर्क किया गया है कि पुलिस अक्सर एफआईआर दर्ज करने में हिचकिचाती है। पुलिस चोरी हुई वस्तुएं वापस दिलाने का आश्वासन देती है, लेकिन निवासियों को इस पर भरोसा नहीं करने की सलाह दी गई है। एडवाइजरी में जोर देकर कहा गया है कि हर मामले में एफआईआर दर्ज कराना आवश्यक है। निवासियों ने बताया कि पुलिस ने भी हाल ही में साइबर ठगी के खिलाफ एक एडवाइजरी जारी की थी।



आए दिन होती रहती है घटनाएं 
निवासियों का कहना है कि रविवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे सोसाइटी निवासी महिला गेट नंबर तीन के पास जा रही थी। तभी बाइक सवार दो बदमाशों ने महिला की चेन झपटने की कोशिश की। महिला ने किसी तरह खुद को बचाया और शोर मचा दिया। जिसके बाद बदमाश फरार हो गए। इसकी सूचना सोसाइटी के व्हाट्सएप ग्रुप पर साझा की गई। निवासियों ने सोसाइटी के आसपास चेन लूट की बढ़ती वारदात पर चिंता जताई। जिसके बाद सोसाइटी में आईआरपी से बातचीत के लिए खरीदारों के अधिकृत प्रतिनिधि विजय चौहान की ओर से व्हाट्सएप ग्रुप पर एडवाइजरी जारी की गई है। जिसमें कहा गया है कि सोसाइटी के चारों तरफ चेन लूट की वारदात बढ़ी हैं। पिछले कुछ दिन में दो वारदात हो चुकी हैं। 

पुलिस अपराध को रोकने में नाकामयाब 
निवासियों का आरोप है कि पुलिस अपराध रोकने में नाकामयाब साबित हो रही है। इसलिए निवासियों से रास्ते पर चलते समय अलर्ट रहने की ने जरूरत है। एडवाइजरी में महिलाओं को घर से बाहर जाते वक्त कम से कम गहने पहनकर निकलने का सुझाव दिया गया है।

Also Read