यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में पहुंचे कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह : बोले-मोदी और योगी ने दी खादी को नई उड़ान, एक्सप्रेसवे पर बनेगा कपड़ा पार्क

UPT | कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह

Sep 28, 2024 20:34

ग्रेटर नोएडा में चल रहे यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में राज्य की समृद्ध संस्कृति का अद्भुत नजारा देखने को मिल रहा है। इस मेले में सजी हुई सुंदर साड़ियां और कपड़े लोगों को बेहद आकर्षित कर रहे हैं। कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह ने भी इस मेले का दौरा किया, जहां उन्होंने सभी स्टॉल्स का निरीक्षण किया।

Short Highlights
  • खादी को बढ़ावा देना एक सराहनीय पहल
  • ट्रेड शो प्रधानमंत्री मोदी के सपनों को साकार करने में मददगार
  • ट्रेड शो में राज्य की समृद्ध संस्कृति का अद्भूत नजारा
Greater Noida News : ग्रेटर नोएडा में चल रहे यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में राज्य की समृद्ध संस्कृति का अद्भुत नजारा देखने को मिल रहा है। इस मेले में सजी हुई सुंदर साड़ियां और कपड़े लोगों को बेहद आकर्षित कर रहे हैं। कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह ने भी इस मेले का दौरा किया, जहां उन्होंने सभी स्टॉल्स का निरीक्षण किया। उन्होंने यूपी सरकार की सराहना करते हुए कहा कि खादी को बढ़ावा देना एक सराहनीय पहल है, जो भारतीय परंपरा को मजबूत कर रहा है। 

कपड़ा उद्योग के लिए नए अवसर
कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो प्रधानमंत्री मोदी के सपनों को साकार करने में मदद करेगा। उन्होंने बताया कि मोदी का लक्ष्य है कि खेत से लेकर विदेश तक कपड़ा उद्योग को मजबूत बनाया जाए। इस दिशा में लखनऊ और उन्नाव में नए कपड़ा पार्क स्थापित किए जा रहे हैं, जो कपड़ा उद्योग को बड़ा लाभ पहुंचाएंगे। इसके अलावा, यमुना एक्सप्रेसवे पर एक विशाल कपड़ा पार्क का निर्माण किया जा रहा है, जिसमें 10 हजार करोड़ रुपये का निवेश होगा। गिरिराज सिंह ने यह भी आश्वासन दिया कि अगले 2-3 वर्षों में इससे हजारों नौकरियों का सृजन होगा, जिससे विशेषकर महिलाओं को भी लाभ होगा।

खादी को मिली नई पहचान
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी कई बार चुनाव लड़े पर जीत नहीं पाए। कांग्रेस ने गांधी के नाम का फायदा उठाया पर खादी को बर्बाद कर दिया। लेकिन अब मोदी और योगी ने खादी को फिर से बड़ा बनाया है। आज खादी का बाजार बहुत बड़ा हो गया है। उन्होंने कहा कि मोदी ने गांधी के खादी के सपने को सच किया है।

विपक्ष पर साधा निशाना 
गिरिराज सिंह ने कुछ राजनीतिक बातें भी कहीं। उन्होंने ममता बनर्जी पर गुस्सा जताया क्योंकि पश्चिम बंगाल में बिहार के छात्रों के साथ बुरा बर्ताव हुआ था। गिरिराज सिंह ने राहुल गांधी, अखिलेश यादव और तेजस्वी यादव पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि ये लोग पश्चिम बंगाल की घटना पर कुछ नहीं बोल रहे हैं। उन्होंने कांग्रेस पार्टी पर भी निशाना साधा।

Also Read