इंडियन मोटो जीपी 2025 रद्द : ऑपरेशनल कारणों से टली रेस, 2026 में होगी आयोजन की वापसी

UPT | इंडियन मोटो जीपी 2025 रद्द

Sep 25, 2024 20:52

2025 में होने वाली इंडियन मोटो जीपी, जो बुद्ध इंटरनेशनल सर्किट पर आयोजित होने वाली थी, ऑपरेशनल कारणों से रद्द कर दी गई है।

Greater Noida News : भारत में मोटर रेसिंग के दीवानों के लिए एक बड़ी निराशाजनक खबर सामने आई है। 2025 में होने वाली इंडियन मोटो जीपी, जो बुद्ध इंटरनेशनल सर्किट पर आयोजित होने वाली थी, ऑपरेशनल कारणों से रद्द कर दी गई है। हालांकि, इस रेस का आयोजन अब 2026 में निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार होगा। बुधवार को आयोजकों ने जानकारी दी कि संचालन से संबंधित मुद्दों का समाधान न हो पाने के कारण 2025 में यह रेस नहीं हो सकेगी।

दो महीने पहले हुआ था नया करार
इंडियन मोटो जीपी के आयोजन को लेकर दो महीने पहले ही एक नया अनुबंध उत्तर प्रदेश सरकार की एजेंसी इन्वेस्ट यूपी और मोटो जीपी के बीच हुआ था। इस करार के बाद, 2027 तक इस प्रतिष्ठित रेस के आयोजन का रास्ता साफ हो गया था। समझौते के अनुसार, 2025 से 2027 तक हर साल इंडियन मोटो जीपी का आयोजन किया जाना था, और इसे अंतरराष्ट्रीय रेसिंग कैलेंडर में भी शामिल कर लिया गया था। लेकिन अब, ऑपरेशन से जुड़े कुछ जटिल मुद्दों के कारण 2025 की रेस को एक साल के लिए टाल दिया गया है। 



मोटो जीपी ने दी जानकारी
मोटो जीपी ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर एक बयान जारी करते हुए बताया कि, "सीजन के अंत में इंडियन जीपी के लिए उपयुक्त तारीखें निकाल पाना संभव नहीं हो पा रहा है। हम कोशिश करेंगे कि 2026 में रेस सत्र की शुरुआत में ही हो जाए। इन्वेस्ट यूपी के साथ हमारा अनुबंध भारत में इस रेस की वापसी का मार्ग प्रशस्त करेगा, और हम भारतीय दर्शकों के बीच फिर से लौटने के लिए उत्सुक हैं।" 2025 में यह रेस मार्च में प्रस्तावित थी, लेकिन अब इसे स्थगित कर दिया गया है।

आयोजन पर मंडराए थे संकट के बादल
पिछली बार जब 2023 में भारत में मोटो जीपी का आयोजन हुआ था, तब आयोजनकर्ता कंपनी फेयर स्ट्रीट स्पोर्ट्स विवादों में घिर गई थी। कंपनी पर वेंडरों के भुगतान न करने जैसे कई आरोप लगे थे, जिसके बाद आयोजन पर संकट के बादल मंडराने लगे थे। इस मामले की जांच यमुना विकास प्राधिकरण के सीईओ डॉ. अरुणवीर सिंह ने की थी। उनके प्रयासों से ही उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने हस्तक्षेप कर मामले को सुलझाया, जिसके बाद मोटो जीपी ने इन्वेस्ट यूपी के साथ नया अनुबंध किया था।

2026 में होगी वापसी
अब भारतीय दर्शकों को 2026 तक इंतजार करना होगा, जब इंडियन मोटो जीपी की वापसी होगी। आयोजकों का कहना है कि वे भारतीय दर्शकों के बीच जल्द से जल्द लौटने के लिए उत्साहित हैं, और रेस को और भी भव्य बनाने के लिए प्रयासरत हैं। 

Also Read