रवि काना और काजल झा की कहानी : नेपाल के रास्ते भागे थे थाइलैंड, जानिए 4 दिनों का नोएडा की जेल तक का सफर

UPT | रवि काना और काजल झा की कहानी

Apr 28, 2024 14:03

स्क्रैप माफिया रवि काना और उसकी प्रेमिका काजल झा को नोएडा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दोनों के शनिवार को कोर्ट में पेश किया गया। रवि काना और काजल झा को 23 अप्रैल की दोपहर थाईलैंड पुलिस ने गिरफ्तार किया था...

Noida News : स्क्रैप माफिया रवि काना और उसकी प्रेमिका काजल झा को नोएडा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दोनों के शनिवार को कोर्ट में पेश किया गया। रवि काना और काजल झा को 23 अप्रैल की दोपहर थाईलैंड पुलिस ने गिरफ्तार किया था। उसके बाद शुक्रवार को दोनों को भारत लाया गया। नोएडा पुलिस ने दोनों को कोर्ट में पेश किया और वहां से उनको जेल भेजा गया है। आइये जानते हैं दोनों की थाइलैंड से लेकर भारत में गिरफ्तारी तक की कहानी।

थाईलैंड से भारत जेल तक का सफर
रवि और काजल की गिरफ्तारी 23 अप्रैल को थाईलैंड के बैंकॉक से हुई थी। पुलिस ने दोपहर करीब 1:00 बजे दोनों को गिरफ्तार किया था। उसके बाद 25 अप्रैल की रात 11:30 बजे दोनों दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर पहुंचे। वहां पर 26 अप्रैल की सुबह करीब 2:30 बजे इमीग्रेशन की कार्रवाई पूरी हुई। 26 अप्रैल की सुबह 7:30 बजे नोएडा पुलिस को सूचना मिली। उसके बाद 26 अप्रैल की दोपहर 2:00 बजे नोएडा पुलिस की टीम एयरपोर्ट पर पहुंची। शाम 4:00 बजे दोनों को पुलिस नॉलेज पार्क थाने लेकर आई और पूछताछ शुरू की गई। उसके बाद 27 अप्रैल की दोपहर 2:00 बजे रवि काना और काजल झा को जिला अदालत में पेश किया गया। वहां से दोनों को जेल भेज दिया।

चार दिनों के लिए पुलिस को कस्टडी मिली
गौतमबुद्ध नगर जिला कोर्ट ने स्क्रैप माफिया रवि काना और उसकी प्रेमिका लेडी डॉन काजल झा को 6 मई तक के लिए जेल भेज दिया है। इस दौरान कोर्ट ने रवि काना और काजल झा की चार दिनों के लिए पुलिस को कस्टडी दी है। पुलिस काफी सवालों के जवाब पूछेगी। वैसे तो पुलिस ने 7 दिन की डिमांड मांगी थी, लेकिन कोर्ट ने केवल चार दिन के लिए डिमांड दी है।

सरकारी अधिवक्ता का बयान
एडीजीसी अमित कुमार शर्मा ने बताया कि दादूपुर गांव के निवासी रवि नागर उर्फ रवि काना पर काफी थानों में मुकदमे दर्ज हैं। इसके अलावा उसकी प्रेमिका और दिल्ली फ्रेंड्स कॉलोनी के निवासी काजल झा के ऊपर गैंगस्टर एक्ट समेत दो मुकदमे दर्ज है। इंटरपोल ने दोनों को थाईलैंड के बैंकॉक से गिरफ्तार किया। दोनों के कब्जे से एक लाख थाईलैंड करेंसी, 5 मोबाइल और 20 से अधिक सिम कार्ड बरामद किए हैं।

नेपाल के रास्ते थाईलैंड पहुंचे
दोनों को थाईलैंड से दिल्ली एयरपोर्ट के लिए डिपोर्ट किया गया। वहां से दोनों को ग्रेटर नोएडा पुलिस ने गिरफ्तार किया। दोनों को गिरफ्तार कर ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क कोतवाली में लाया गया। पूछताछ के दौरान पता चला है कि दोनों नेपाल के रास्ते थाईलैंड गए थे। नोएडा पुलिस ने रवि और काजल का लुक आउट सर्कुलर नोटिस और रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया था। इसके बाद सीबीआई इंटरपोल और अन्य एजेंसी एक्टिव हो गई। वहां से दोनों को 23 अप्रैल को थाईलैंड से गिरफ्तार किया गया और भारत के लिए डिपोर्ट किया गया।

Also Read