Ghaziabad News : गाजियाबाद के आदित्य वर्ल्ड सिटी में डेंगू से बुजुर्ग की मौत

UPT | गाजियाबाद।

Sep 16, 2024 21:03

बताया जाता है कि अशोक श्रीवास्तव शुगर के मरीज भी थे। बुखार होने पर उनकी तबीयत बिगड़ती जा रही थी। उनको खून की उल्टी हुई थी। जिससे परिजन घबरा गए। अशोक को निजी अस्पताल ले गए।

Short Highlights
  • डेंगू शॉक और सेप्टिक सिंड्रोम से पीड़ित था मरीज
  • बुखार और खून की उल्टी होने पर परिजनों ने अस्पताल में भर्ती कराया
  • जिला मलेरिया अधिकारी ने डेंगू की मौत से किया इंकार 
Ghaziabad News : गाजियाबाद के आदित्य वर्ल्ड सिटी निवासी 62 वर्षीय अशोक श्रीवास्तव की डेंगू से मौत हो गई। उनका उपचार निजी अस्पताल में चल रहा था। अस्पताल रिपोर्ट में मौत का कारण डेंगू शाॅक और सेप्टिक सिंड्रोम बताया गया है। दूसरी ओर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि अस्पताल से रिपोर्ट नहीं मिली है। रिपोर्ट मिलने के बाद पता चलेगा की मौत की वजह डेंगू है या नहीं।

उनकी तबीयत बिगड़ती जा रही थी
बताया जाता है कि अशोक श्रीवास्तव शुगर के मरीज भी थे। बुखार होने पर उनकी तबीयत बिगड़ती जा रही थी। उनको खून की उल्टी हुई थी। जिससे परिजन घबरा गए। अशोक को निजी अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टरों ने डेंगू शॉक सिंड्रोम बता भर्ती कर लिया।

डेंगू जांच कराने पर रिपोर्ट पॉजिटिव आई
परिजनों का कहना है कि अस्पताल की ओर से उनकी डेंगू जांच कराने पर रिपोर्ट पॉजिटिव आई। सुबह इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। परिजन शव का अंतिम संस्कार करने पैतृक स्थान गोंडा ले गए हैं। जिला मलेरिया अधिकारी ज्ञानेंद्र मिश्रा ने बताया कि डेंगू से मौत के बारे में कोई सूचना नहीं मिली है। मणिपाल अस्पताल की ओर से भी इस संबंध में कोई सूचना नहीं दी गई है। मामले की जानकारी की जा रही है और अस्पताल प्रबंधन से रिपोर्ट मांगी गई है।

12 डेंगू मरीजों की पुष्टि
मलेरिया विभाग और सर्विलांस अधिकारी की तरफ से अभी तक सिर्फ 12 डेंगू मरीजों की पुष्टि हुई है। जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. आरके गुप्ता का कहना है कि इस समय अस्पताल में डेंगू बुखार का कोई भी मरीज भर्ती नहीं है। उन्होंने बताया कि इस सप्ताह हुई बरसात से जगह-जगह जलभराव हुआ है। अभी 15 दिन तक सतर्क रहने की जरूरत है। क्योंकि ऐसे मौसम में डेंगू बुखार फैलने की आशंका रहती है।

Also Read