Ghaziabad News : नमो भारत ट्रेन में यात्रा के दौरान जर्मन राजदूत डॉ. फिलिप एकरमैन बोले, 'आरआरटीएस सुविधाओं का अदभुद नमूना'

UPT | नमो भारत ट्रेन में यात्रा के दौरान दुहाई डिपो पर जर्मन राजदूत डॉ. फिलिप एकरमैन

Oct 24, 2024 17:23

दौरे पर श्री एकरमैन का गर्मजोशी से स्वागत किया गया और एनसीआरटीसी के वरिष्ठ अधिकारियों ने उन्हें परियोजना के बारे में जानकारी दी।

Short Highlights
  • जर्मन राजदूत डॉ. फिलिप एकरमैन ने की नमो भारत ट्रेन में यात्रा
  • साहिबाबाद से दुहाई डिपो आरआरटीएस स्टेशन तक की यात्रा 
  • यात्री केबिन और नमो भारत की सुविधाओं की जर्मन राजदूत ने की सराहना 
Ghaziabad News : भारत में जर्मन राजदूत महामहिम डॉ. फिलिप एकरमैन ने भारत के प्रथम आरआरटीएस कॉरिडोर के दौरे के दौरान नमो भारत ट्रेन में यात्रा का आनंद लिया। इस मौके पर एनसीआरटीसी के प्रबंध निदेशक श्री शलभ गोयल भी उनके साथ थे। दौरे पर श्री एकरमैन का गर्मजोशी से स्वागत किया गया और एनसीआरटीसी के वरिष्ठ अधिकारियों ने उन्हें परियोजना के बारे में जानकारी दी।

सुरक्षित और विश्वसनीय यात्रा का अनुभव किया
डॉ. एकरमैन ने साहिबाबाद से दुहाई डिपो आरआरटीएस स्टेशन तक नए युग की पारगमन प्रणाली  नमो भारत ट्रेन में तेज़, सुरक्षित और विश्वसनीय यात्रा का अनुभव किया। उन्होंने आरामदायक क्षेत्रीय आवागमन के लिए सोच-समझकर डिज़ाइन किए गए आरआरटीएस स्टेशनों पर यात्री-केंद्रित सुविधाओं और नमो भारत ट्रेनों की विशेषताओं की सराहना की। इसके साथ ही उन्होंने परिवहन क्षेत्र में सतत विकास की दिशा में आरआरटीएस को सबसे हरित साधनों में से एक बनाने के प्रयासों की भी तारीफ़ की। 

अत्याधुनिक संचालन नियंत्रण केंद्र का भी जायजा
इस बीच उन्होंने दुहाई आरआरटीएस डिपो में अत्याधुनिक संचालन नियंत्रण केंद्र का भी जायजा लिया, जहां एनसीआरटीसी की टीम ने भारत में अपनी तरह की इस पहली परियोजना के लिए अपनाई जा रही कई अभूतपूर्व तकनीकों से उन्हें रूबरू करवाया। डॉ. एकरमैन ने इस बड़े पैमाने की जटिल परियोजना के समय से कार्यान्वयन के लिए भी एनसीआरटीसी के प्रयासों की प्रशंसा की। इसके साथ ही उन्होंने भारत के प्रथम आरआरटीएस आरआरटीएस कॉरिडोर के कुशल संचालन के लिए एनसीआरटीसी और डॉयचे बान (डीबी) की भारतीय सहायक कंपनी के बीच भारत-जर्मनी साझेदारी की भी सराहना की।

विकास के क्षेत्र में बढ़ते सहयोग को दर्शाती है
जर्मन राजदूत की यात्रा, भारत और जर्मनी के बीच सतत परिवहन और बुनियादी ढांचे के विकास के क्षेत्र में बढ़ते सहयोग को दर्शाती है। इस यात्रा का समापन दुहाई स्थित आरआरटीएस डिपो में वृक्षारोपण के साथ हुआ। वर्तमान में, नमो भारत सेवाएं 42 किलोमीटर के खंड में संचालित हैं, जिसमें साहिबाबाद, गाजियाबाद, गुलधर, दुहाई, दुहाई डिपो, मुरादनगर, मोदी नगर साउथ, मोदी नगर नॉर्थ और मेरठ साउथ सहित नौ स्टेशन शामिल हैं।

साहिबाबाद से न्यू अशोक नगर खंड के जुड़ने से नमो भारत के संचालित
साहिबाबाद से न्यू अशोक नगर खंड के जुड़ने से नमो भारत के संचालित खंड की लंबाई जल्द ही 54 किलोमीटर तक विस्तारित हो जाएगी, जिसके बाद आनंद विहार और न्यू अशोक नगर स्टेशनों पर भी नमो भारत ट्रेन सेवाएँ उपलब्ध हो जाएंगी।
 

Also Read