उपचुनाव में गाजियाबाद सीट पर सबकी नजर : भाजपा की लकी सीट पर क्या कोई गुल खिला पाएगी सपा-कांग्रेस की दोस्ती

UPT | गाजियाबाद विधानसभा उपचुनाव

Oct 24, 2024 23:16

इस बार गाजियाबाद सीट पर सपा के सामने 20 साल पुराने इतिहास को दोहराने की कठिन चुनौती है, क्योंकि यह सीट भाजपा का एक मजबूत गढ़ मानी जाती है...

Ghaziabad News : गाजियाबाद विधानसभा सीट पर होने वाले आगामी उपचुनाव को लेकर राजनीति गरमा गई है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपने प्रत्याशी की घोषणा करते हुए चुनावी मुकाबले को और रोमांचक बना दिया है। इस बार गाजियाबाद सीट पर सपा के सामने 20 साल पुराने इतिहास को दोहराने की कठिन चुनौती है, क्योंकि यह सीट भाजपा का एक मजबूत गढ़ मानी जाती है। 

सपा के सामने 20 साल का इतिहास
गाजियाबाद विधानसभा सीट पर सपा के लिए स्थिति आसान नहीं है। यहां पर सपा को अब तक सिर्फ एक बार उपचुनाव में जीत हासिल हुई है और वह भी 20 साल पहले। इसके बाद से सपा ने इस सीट पर कोई उल्लेखनीय प्रदर्शन नहीं किया। हालांकि, इस बार कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के गठबंधन के तहत यह सीट सपा के खाते में गई है। जिससे सपा को नए अवसर मिलने की उम्मीद है। गठबंधन की रणनीति के तहत सपा के पास इस बार अपने वोट बैंक को मजबूत करने और भाजपा की पकड़ को कमजोर करने का अवसर है। लेकिन इसके लिए उसे पुराने आंकड़ों और भाजपा के कड़े मुकाबले का सामना करना होगा।

संजीव शर्मा होंगे भाजपा के प्रत्याशी
गाजियाबाद में भाजपा ने महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा पर भरोसा जताया है। माना जा रहा है कि उन्हें प्रत्याशी घोषित कराने में सांसद अतुल गर्ग ने खेवनहार का काम किया है। जिले के सभी विधायकों और संगठन के बल पर सांसद अतुल गर्ग ने पूरी मोर्चे बंदी करते हुए लोकसभा चुनाव के लिए टिकट ह‌ासिल कर भारी भरकम मतों से विजय हासिल की थी, उनके सांसद चुने जाने के बाद ही गाजियाबाद सदर विधानसभा सीट खाली हुई थी।

इंडिया गठबंधन से सपा ने सिंहराज जाटव को बनाया प्रत्याशी
इंडिया गठबंधन से सिंहराज यादव को सपा ने अपना प्रत्याशी घोषित किया है। माना जा रहा था समाजवादी पार्टी ब्राहमण समाज के प्रत्याशी पर दांव लगा सकती है। इसके लिए पूर्व विधायक अमरपाल शर्मा और सुरेंद्र कुमार मुन्नी के नाम पर चर्चा भी हुई थी, लेकिन भाजपा से ब्राहमण समाज के संजीव शर्मा को चुनाव मैदान में उतारे जाने के बाद सपा जाटव समाज के प्रत्याशी पर भरोसा जताया है। बता दें कि अब तक किसी भी दल ने गाजियाबाद विधानसभा उप-चुनाव के लिए दलित समाज से प्रत्याशी घोषित नहीं किया था।

बसपा ने पीएन गर्ग को बनाया प्रत्याशी
बहुजन समाज पार्टी ने गाजियाबाद विधानसभा क्षेत्र सीट से पीएन गर्ग को प्रत्याशी घोषित किया है। अग्रसेन भवन में बसपा का एकदिवसीय कैडर कैंप आयोजित किया गया। इस कैडर कैंप में बसपा के मंडल कोऑर्डिनेटर शमसुद्दीन राइन ने कहा कि बहुजन समाजवादी पार्टी किसी राजनीतिक गठबंधन के साथ चुनाव नहीं लड़ेगी बल्कि अब सामाजिक गठबंधन के साथ चुनावी मैदान में उतरेगी। गाजियाबाद सदर की सीट पर उनकी पार्टी से दो बार वैश्य समाज के प्रत्याशी सुरेश बंसल विधायक रहे हैं। उनके कार्यों को आज भी क्षेत्र की जनता याद करती है। इस बार फिर पार्टी सुप्रीमो मायावती ने इस क्षेत्र के उप चुनाव के लिए वैश्य समाज के प्रत्याशी पीएन गर्ग को मैदान में उतारा है।

क्यों खाली हुई थी सीट 
गाजियाबाद की सदर सीट से 2022 में हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा के अतुल गर्ग विधायक बने थे। लेकिन पार्टी ने बाद में उन्हें लोकसभा चुनाव में मैदान में उतारा था। उन्होंने लोकसभा चुनाव लड़ा और वह बड़े अंतर से जीत गए थे। वहीं, अतुल गर्ग के सांसद बनने के बाद गाजियाबाद विधानसभा सीट खाली हो गई थी। अब यहां उपचुनाव होना है।

Also Read