Today Weather Update : मेरठ-एनसीआर बारिश से सराबोर, तूफानी हवाओं और ओलावृष्टि का आईएमडी अलर्ट

UPT | बारिश से सराबोर मेरठ की सड़कें।

Feb 20, 2024 09:57

सक्रिय हुए पश्चिम विक्षोभ से अब 24 घंटे तक करीब 50 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना हैं। हवाओं के तेज चलने और बारिश होने से तापमान में कुछ कमी आएगी। मौसम दो दिन फिर से सर्द होगा। 

Short Highlights
  • बारिश से तापमान में करीब 3 डिग्री सेल्सियस की कमी आई
  • मेरठ का एक्यूआई 70 और गाजियाबाद का एक्यूआई 55 है
  • 24 घंटे तक करीब 50 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना
Meerut/Noida : मेरठ और एनसीआर के जिलों में आज मंगलवार को सुबह हुई बारिश से मौसम सुहाना हो गया। बारिश से जहां तापमान में करीब 3 डिग्री सेल्सियस की कमी आई है। वहीं हवा की सेहत में भी सुधार हुआ है। मेरठ और आसपास के जिलों में वायु गुणवत्ता सूचकांक इस समय 100 से नीचे आ चुका है। इस समय मेरठ का एक्यूआई 70 और गाजियाबाद का एक्यूआई 55 है। नोएडा की हवा में भी सुधार हुआ है। 

मौसम विभाग ने तूफानी हवाओं और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया
मौसम वैज्ञानिक डाॅ. सूरज के अनुसार सक्रिय हुए पश्चिम विक्षोभ से अब 24 घंटे तक करीब 50 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना हैं। हवाओं के तेज चलने और बारिश होने से तापमान में कुछ कमी आएगी। मौसम दो दिन फिर से सर्द होगा। 
मौसमी में आए बदलाव के बीच सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के चलते मेरठ और पश्चिम यूपी ही नहीं बल्कि पूरे प्रदेश में बारिश का माहौल बनेगा। आज प्रदेश की राजधानी लखनऊ के आसपास जिलों में भी बारिश और ओलावृष्टि के आसार हैं। 

इन जिलों में ओलावृष्टि और तेज बारिश की संभावना
उन्होंने बताया कि 50 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है। पश्चिमी यूपी के कई जिलों में ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है। इन जिलों में मेरठ, मुजफ्फरनगर, शामली, गाजियाबाद, नोएडा, सहारनपुर, बागपत, हापुड, बुलंदशहर, आगरा, अलीगढ़, बिजनौर, एटा, हाथरस और मथुरा शामिल हैं। 

बढ़ती गर्मी से बारिश ने दी राहत
बारिश होने से बढ़ती गर्मी से राहत मिली है। हालांकि तापमान पहले से काफी बढ़ा हुआ है। बारिश भी सुबह कम हुई है। लेकिन तेज हवाओं से तापमान पर असर पड़ा है। पश्चिम यूपी के जिलों में दिन का औसत तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास है। जबकि न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस है। 

Also Read