House Collapse in Meerut : 10 लोगों का जनाजा निकला तो उमड़ा जन सैलाब, गमगीन माहौल में सभी शव किए सुपुर्द ए खाक

UPT | जाकिर कॉलोनी मेरठ में मकान ढहने से मारे गए लोगों के अंतिम संस्कार में शामिल लोग

Sep 16, 2024 21:35

अंतिम यात्रा में शामिल होने के लिए जन सैलाब उमड़ पड़ा। गमगीन माहौल में सभी जनाजों को कब्रिस्तान में सुपुर्द ए खाक कर दिया गया। कॉलोनी में माहौल गमगीन है।

Short Highlights
  • पोस्टमार्टम के बाद जाकिर कॉलोनी पहुंचे सभी दस शव
  • मृतकों के जनाजे में शामिल हुए पूरे कॉलोनी के लोग
  • गमगीन माहौल में शवों को किया सुपुर्द ए खाक
Meerut News : मेरठ के जाकिर कॉलोनी में बारिश में गिरे तीन मंजिला मकान के मलबे में दबकर एक ही परिवार के 10 लोगों की मौत हो गई। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद जब सभी दस लोगों के शव कॉलोनी में पहुंचे तो जनाजों की अंतिम यात्रा में शामिल होने के लिए जन सैलाब उमड़ पड़ा। गमगीन माहौल में सभी जनाजों को कब्रिस्तान में सुपुर्द ए खाक कर दिया गया। कॉलोनी में माहौल गमगीन है। हर कोई मृतकों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कर रहा है। परिवार में जो लोग जिंदा बचे हैं और अस्पताल में भर्ती हैं उनकी सलामती की लोग दुआ कर रहे हैं। 

मलबे में दबे लोगों को बचाने के लिए पूरी रात लगे रहे लोग
शनिवार को जब बारिश के चलते मकान धराशाही हुआ। उस समय आसपास के लोग सहम गए। दुर्घटना होने के बाद लोग शोर मचाते हुए मलबे में दबे लोगों को बचाने के लिए भागे। मकान में रहने वाला पूरा परिवार दब गया था। लोग उनको बचाने के लिए चिल्ला रहे थे। किसी को इस बात का अंदाजा भी नहीं था कि मलबे से परिवार के इतने लोगों की लाशें निकलेंगी। बारिश में रेत की तरह ढहे मकान का दर्दनाक मंजर जिसने देखा वो नम आंखों से मंजर बयान करते नजर आए।

साजिद का हाथ दिखा और मलबे में दबी सायमा चिल्लाई
दुर्घटना के तुरंत बाद ही स्थानीय लोगों ने पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचित किया। मौके पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने मलबा हटाना शुरू किया। इस दौरान नगर निगम की टीम मौके पर पहुंच गई। मलबे के बीच दबे साजिद का हाथ दिखाई दिया। लोगों ने तेजी से मलबा हटाया और उसे बाहर निकालकर तत्काल मेडिकल कॉलेज भेजा। इसके कुछ देर बाद मलबे में दबी सायमा की आवाज आई। वह चिल्लाकर बोली कि मुझे बचाओ, प्यास लगी है पानी पिला दो। इसके बाद लोगों ने तेजी से मलबा हटाकर उसे बाहर निकाला और निजी अस्पताल में भर्ती कराया। साजिद को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। जबकि सायमा की हालत देर गंभीर थी। 

शवों को सीधे कब्रिस्तान ले जाया गया
आज रविवार को जब रेस्क्यू आपरेशन खत्म हुआ तो मलबे से दस शवों को बाहर निकाला जा चुका था। सभी को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। आज देर शाम जब सभी शव पोस्टमार्टम के बाद जाकिर कॉलोनी पहुंचे तो माहौल पूरी तरह से गमगीन हो गया। शवों को सीधे कब्रिस्तान ले जाया गया। जहां पर गमगीन माहौल में सुपुर्द ए खाक कर दिया गया। 

Also Read