ऑथर Mazkoor Alam

Amroha News : रामदेव बोले- जाएंगे प्राण-प्रतिष्ठा समारोह में, राम का विरोध करने वालों का हश्र रावण जैसा होगा

Uttar Pradesh Times | Baba Ramdev

Dec 31, 2023 18:03

रामदेव ने बताया कि उन्हें राम मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा समारोह का निमंत्रण मिला है और वह उसमें शिरकत करेंगे।

अमरोहा : बाबा रामदेव ने अमरोहा में कहा कि भगवान राम सबके हैं। रामदेव अमरोहा में महर्षि दयानंद जयंती के उपलक्ष्य में गुरुकुल में होने वाले कार्यक्रम में भाग लेने के लिए रविवार 30 दिसंबर को यहां आए थे। रामदेव ने कहा कि राम हमारे स्वाभिमान हैं। वह राष्ट्र की अस्मिता हैं। राम मर्यादा पुरुषोत्तम हैं। वह भगवान हैं। इसके अलावा रामदेव ने यह भी कहा कि भगवान राम हिंदू और मुस्लिम दोनों समुदाय के पूर्वज हैं। 

राम मंदिर के प्राण-प्रतिष्ठा में जाएंगे रामदेव
इससे पहले रामदेव ने रजबपुर के चोटीपुरा में बताया कि उन्हें राम मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा समारोह का निमंत्रण मिला है और वह उसमें शिरकत करेंगे। रामदेव ने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर के समारोह का उन्हें निमंत्रण मिला है। निमंत्रण तो महज औपचारिकता है। हम वहां अवश्य जाएंगे। सभी को समारोह में जाना चाहिए। रामदेव ने कहा कि जो पार्टियां राम का विरोध कर रही हैं, वह गलत कर रही हैं। उन्होंने कहा कि जिस तरह भगवान राम ने रावण को मोक्ष में पहुंचाया था। ठीक उसी तरह राम का फल विरोध करने वालों को भी मिलेगा। 

22 जनवरी को होनी है प्राण-प्रतिष्ठा
22 जनवरी 2024 को रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा अयोध्या राम मंदिर में होनी है। इस कार्यक्रम की जोर-शोर से तैयारियां चल रही है। बाबा रामदेव के अलावा देश की तमाम दिग्गज सेलिब्रिटी को इस कार्यक्रम का निमंत्रण पत्र भेजा गया है। इस प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम में मुख्य यजमान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी होंगे। इस कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत 6000 से भी ज्यादा लोगों के शामिल होने की संभावना है। 

Also Read