Bijnor News : आधी रात को गांव में पहुंचा मगरमच्छ, कुत्तों ने ग्रामीणों को किया खतरे से आगाह...

UPT | आधी रात को गांव में पहुंचा मगरमच्छ।

Oct 19, 2024 12:46

उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के मंडावली थाना क्षेत्र के काशीरामपुर गांव के पास तालाब से आधी रात को मगरमच्छ निकल आया। यह मगरमच्छ गांव की आबादी के बीच पहुंच गया। कुत्तों के भौंकने पर ग्रामीणों ने मगरमच्छ को रास्ते...

Bijnor News : उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के मंडावली थाना क्षेत्र के काशीरामपुर गांव के पास तालाब से आधी रात को मगरमच्छ निकल आया। यह मगरमच्छ गांव की आबादी के बीच पहुंच गया। कुत्तों के भौंकने पर ग्रामीणों ने मगरमच्छ को रास्ते में देखा। इससे उनके होश उड़ गए। इसके बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया। लोगों ने रात में ही पुलिस और वन विभाग को सूचना दी। सूचना पर वन विभाग की टीम गांव में पहुंची। उन्होंने मगरमच्छ का रेस्क्यू किया। वन विभाग की टीम ने मगरमच्छ को गंगा नदी में छोड़ दिया। मगर, गांव में मगरमच्छ की दहशत कायम है। गांव का कोई भी बच्चा और बड़ा तालाब की तरफ जाने को तैयार नहीं है।

कुत्तों ने किया खतरे से आगाह
बिजनौर के मंडावली थाना क्षेत्र के काशीरामपुर गांव के प्रधान छोटे सिंह ने बताया कि शुक्रवार-शनिवार रात करीब एक बजे वह पानी पीने के लिए उठे थे। इसी दौरान उन्हें कुत्तों के भौंकने का शोर सुनाई दिया। उन्होंने ने घर से बाहर निकलकर देखा तो एक विशालकाय मगरमच्छ रास्ते में टहलता दिखाई दिया। मगरमच्छ देखकर ग्राम प्रधान के होश उड़ गए। वह अपने घर अंदर चले गए और परिजनों के साथ दोबारा आए। इसके साथ ही कुछ देर में गांव के लोगों की भीड़ जुट गई। गांव के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने वन विभाग के अफसरों को बताया। वहां से रात में ही टीम गांव पहुंची। इसके बाद टीम ने मगरमच्छ को कब्जे में लिया। 

मंदिर से भी दी गई हिदायत
गांव के लोगों ने मगरमच्छ की दहशत के कारण बच्चों को घर से बाहर नहीं निकलने दिया। मंदिर के लाउड स्पीकर से गांव के अंदर मगरमच्छ के आने की सूचना दी गई। इसमें कहा गया कि सुबह बच्चों को स्कूल भेजने के दौरान मगरमच्छ का ख्याल रखने की जरूरत है। इस ऐलान के बाद बड़ी संख्या में लोग मगरमच्छ को तलाशते हुए पहुंच गए। इस दौरान मगरमच्छ के पास काफी भीड़ जमा हो गई। वन विभाग की टीम के साथ रेस्क्यू कराया गया। वन विभाग की टीम मगरमच्छ को लेकर गई, तब कहीं जाकर लोग अपने घरों को लौटे। 

Also Read