68वीं राज्य स्तरीय नेहरू हॉकी प्रतियोगिता : मुरादाबाद मंडल ने झांसी और आगरा को हराया, मेरठ ने अलीगढ़ को धोया

UPT | 68वीं राज्य स्तरीय नेहरू हॉकी प्रतियोगिता के विजेता खिलाड़ी।

Sep 05, 2024 21:17

68वीं प्रदेश स्तरीय नेहरू हॉकी प्रतियोगिता का समापन भव्य समारोह के साथ किय गया। बालिका वर्ग में मेरठ ने अलीगढ़ को, अंडर 17 बालक वर्ग में मुरादाबाद मंडल ने झांसी मंडल को अंडर 15 बालक वर्ग में मुरादाबाद मंडल ने आगरा मंडल को 3-0 से हराया।

Rampur News : 68वीं प्रदेश स्तरीय नेहरू हॉकी प्रतियोगिता का भव्य समापन समारोह आज संपन्न हुआ। इस आयोजन के मुख्य अतिथि राज्य मंत्री बलदेव सिंह ओलख, विशिष्ट अतिथि जिलाधिकारी रामपुर, और संयुक्त शिक्षा निदेशक मनोज कुमार द्विवेदी थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला विद्यालय निरीक्षक मुन्ने अली ने की, जबकि संयोजक अरविंद कुमार भास्कर ने समारोह का संचालन किया।

समापन से पूर्व छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए 
समापन समारोह से पहले कन्या इंटर कॉलेज खारी कुआं की छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। इसके साथ ही नेशनल पब्लिक स्कूल की छोटी-छोटी बालिकाओं ने भी सुंदर सांस्कृतिक प्रदर्शन किया, और जुल्फिकार बालिका इंटर कॉलेज की छात्राओं ने भी अपनी कला का प्रदर्शन किया।

आयोजन को जिलाधिकारी ने रामपुर के लिए गर्व की बात बताया 
जिलाधिकारी रामपुर ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि रामपुर के लिए यह गर्व की बात है कि इतनी सुंदर सुविधाओं के साथ प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि पहली बार 68वीं नेहरू हॉकी प्रतियोगिता का इतना शानदार आयोजन हुआ है, और उन्होंने सभी अधिकारियों और आयोजन में लगे कर्मचारियों का धन्यवाद किया। जिलाधिकारी ने भविष्य में भी इस तरह के उत्कृष्ट आयोजनों के लिए प्रेरित किया।

 राज्य मंत्री बलदेव सिंह ओलख ने भी अपने संबोधन में कहा कि यहां से खेल में प्रतिभाशाली बच्चे केवल रामपुर का ही नहीं, बल्कि पूरे देश का मान बढ़ाएंगे। उन्होंने प्रतियोगिता के आयोजन की सराहना की और विजेता टीमों को बधाई दी।

तीन प्रमुख फाइनल मैच खेले गए 
समापन समारोह के दौरान तीन प्रमुख फाइनल मैच खेले गए। बालिका वर्ग में मेरठ ने अलीगढ़ को 6-0 से हराकर पहला स्थान प्राप्त किया। अंडर 17 बालक वर्ग में मुरादाबाद मंडल ने झांसी मंडल को पेनल्टी शूटआउट में 5-4 से हराया, जबकि अंडर 15 बालक वर्ग में मुरादाबाद मंडल ने आगरा मंडल को 3-0 से हराया। इस प्रकार, मुरादाबाद मंडल ने अंडर 15 और अंडर 17 बालक वर्ग दोनों में पहला स्थान प्राप्त किया।

विजेता टीमों को ट्रॉफी और मेडल दिए 
विजेता टीमों को ट्रॉफी और मेडल प्रदान किए गए। सबसे पहले बालिका वर्ग की ट्रॉफी अलीगढ़ मंडल को दी गई। इसके बाद अंडर 15 और अंडर 17 बालक वर्ग की ट्रॉफी मुरादाबाद मंडल को प्रदान की गई। राज्य मंत्री बलदेव सिंह ओलख की व्यस्तता के कारण कार्यक्रम समाप्त होने के बाद जिला विद्यालय निरीक्षक ने सभी अधिकारियों, संयोजकों और जिम्मेदार व्यक्तियों को सम्मानित किया। 

इस प्रतियोगिता की संपूर्ण व्यवस्था और ऑब्जर्वेशन की जिम्मेदारी सुनीता तिवारी, जो झांसी से थीं, और कपिल कांत, जो मेरठ से थे, ने निभाई। तीनों दिन की प्रतियोगिता उनके पर्यवेक्षण में संपन्न हुई। समारोह में जिला क्रीड़ा अधिकारी संतोष कुमार, ओलम्पियन राजेन्द्र सिंह रावत, मंडल क्रीड़ा सचिव बंश बहादुर, डॉ. अनूप कुमार सिंह, डॉ. अरविंद गौतम, इदरीश अहमद, प्रमोद कुमार, नफीस अहमद, सलीम यूसुफ जैदी, सलीम मियां, जिलेश कुमार, मनोज कुमार, तुषार शर्मा, प्रतेष श्रीवास्तव, संजीव रूहेला, अमरपाल यादव, ममता देवी, वर्षा रानी, साधना विश्नोई, विनीता आर्या, और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। 

Also Read