26 Jan Special : कर्नाटक में परेड मैदान में घुसा शख्स,गणतंत्र दिवस पर CM की सुरक्षा में बड़ी चूक!

Uttar Pradesh Times | परेड के दौरान सुरक्षा में चूक

Jan 26, 2024 18:22

कर्नाटक की राजधानी बंगलुरू में गणतंत्र दिवस की परेड में परशुराम नाम का एक शख्स अचानक घुस गया। वह मुख्यमंत्री की ओर बढ़ रहा था तभी सुरक्षा बलों ने उसे धर दबोचा है।

Karnatak News : कर्नाटक में गणतंत्र दिवस की परेड के दौरान सुरक्षा में चूक सामने आई है। शुक्रवार (26 जनवरी, 2024) को बेंगलुरू के परेड मैदान में एक शख्स जबरन घुस आया और वह सूबे के सीएम सिद्दारमैया की ओर बढ़ने लगा। इस व्यक्ति की हरकत के बाद वहां सुरक्षाकर्मी एक्शन मोड में आ गए और आनन-फानन पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। 

गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान सुरक्षा में सेंध
मिली जानकारी के मुताबिक, गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान सुरक्षा में सेंध लगाने वाले व्यक्ति को स्थानीय थाने में ले जाया गया। पुलिस ने उस से पूछताछ की इस दौरान उसकी पहचान परशुराम के तौर पर हुई। पुलिस सूत्रों की मानें तो परशुराम ने पुलिसवालों के मोटरसाइकिल करतब को बाधित करते हुए सबका ध्यान अपनी तरफ खींच लिया था। रिपोर्ट की माने सुरक्षा में सेंध लगाने वाले शख्स को चारों तरफ से घेर कर सुरक्षाकर्मियों ने पकड़ लिया था। परशुराम के मैदान में घुसते ही परेड ग्राउंड में अफरा-तफरी मच गई। सुरक्षाकर्मियों के भागते ही एक पल को लोगों के बीच किसी अन्होनी का डर था, मगर हालात फौरन संभाल लिए गए। उसका मैदान में घुसने का क्या मकसद था, यह फ़िलहाल सामने नहीं आया है। 

व्यक्ति का बयान है की मैं सरकार से परेशान हूँ
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मैदान से ले जाए जाने पर शख्स ने बताया कि वह सरकार से परेशान है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी की ओर से इस बारे में और बताया गया, “कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों के लिए निर्धारित मीडिया गैलरी से परशुराम कूद गया। वहीं, गैलरी में चश्मदीदों की मानें तो मोटरसाइकिल करतब के समय शख्स ने मैदान में घुसने से पहले कथित तौर पर तख्तियां जमीन पर फेंकी थीं। फिर वह मीडिया गैलरी में कूदकर ग्राउंड में लगातार आगे बढ़ने लगा था। पूरी घटना से कुछ मिनट पहले ही कर्नाटक के राज्यपाल थावरचंद गहलोत ने झंडा फहराया था। अचानक हुए इस हरकत से सभी सुरक्षाकर्मी भी हैरान थे।

Also Read