कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर की मां का निधन : लंबे समय से थीं बीमार, मुख्यमंत्री ने जताया शोक

UPT | ओमप्रकाश राजभर की मां का निधन।

Apr 12, 2024 00:40

ओम प्रकाश राजभर ने खुद 'एक्स' ट्वीट कर इसकी जानकारी दी। उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा कि मेरी मां अब इस दुनिया में नहीं रही। उन्होंने अपने ट्वीट के साथ जो फोटो शेयर किया है। उसमें वह अपनी मां के साथ दिख रहे हैं।

Lucknow News : कैबिनेट मंत्री और सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर की मां का बृहस्पतिवार को निधन हो गया है। वह कई दिनों से बीमार थीं। ओम प्रकाश राजभर ने खुद 'एक्स' ट्वीट कर इसकी जानकारी दी। उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा कि मेरी मां अब इस दुनिया में नहीं रही। उन्होंने अपने ट्वीट के साथ जो फोटो शेयर किया है। उसमें वह अपनी मां के साथ दिख रहे हैं।
लखनऊ में चल रहा था इलाज
ओम प्रकाश राजभर का पैतृक घर वाराणसी जिले के गांव फत्तेहपुर सिंधोरा में है। जानकारी के मुताबिक तबियत बिगड़ने के बाद राजभर की मां को लखनऊ के केजीएमयू में दाखिल कराया गया था। 85 वर्षीय जितना देवी की तबियत खराब होने पर उनका उपचार केजीएमयू में चल रहा था। इस बात की पुष्टि कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर के छोटे बेटे और सुभासपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण राजभर ने की। बताया की उनकी दादी को फेफड़े से संबंधित समस्या होने पर उपचार किया जा रहा था। निधन के बाद उनका अंतिम संस्कार वाराणसी के मणिकर्णिका घाट पर किया जाएगा। जितना देवी के चार बेटे हैं, जिसमें ओमप्रकाश राजभर वर्तमान में प्रदेश में कैबिनेट मंत्री है। वहीं, उनका नाती घोसी लोकसभा सीट से गठबंधन प्रत्याशी के तौर पर चुनाव लड़ रहा है।

उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष श्री @oprajbhar जी की पूज्य माता जी के देहावसान की दुःखद सूचना प्राप्त हुई।

प्रभु श्री राम से पूजनीय माता जी की आत्मा की शांति की प्रार्थना करते हुए शोकाकुल परिजनों के प्रति अपनी शोक संवेदना प्रकट…

— Yogi Adityanath (मोदी का परिवार) (@myogiadityanath) April 11, 2024
मुख्यमंत्री ने जताया शोक
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर की माता जितना देवी के निधन पर शोक जताया और दिवंगत आत्मा की शांति की कामना की। ओमप्रकाश की माता के निधन की सूचना मिलने से जिले में सुभासपा पार्टी के कार्यकर्ताओं में शोक की लहर दौड़ गई है।

काफी मुश्किलों से की थी बच्चों की परवरिश
ओम प्रकाश राजभर के पिता का नाम सन्नू राजभर था। राजभर के पिता कोयला खदान में मजदूर थे। मां ने बड़ी मुश्किल से बच्चों की परवरिश की थी। घर की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण मां ने औरों के घर किसानी करके परिवार को संभाला था। ओपी राजभर ने वाराणसी के बलदेव डिग्री कॉलेज से परास्नातक तक की पढ़ाई की। छात्र जीवन में पढ़ाई के साथ-साथ खर्च निकालने के लिए उन्होंने टेंपों भी चलाया। राजनीति में आए और मां के सामने ही दो बार यूपी सरकार में मंत्री बने।

मां से था खास लगाव 
ओम प्रकाश राजभर का अपनी मां से विशेष लगाव था। वह अपनी सफतला का श्रेय माता-पिता को ही देते थे। इस बात का जिक्र करते वो कई बार दिखते हैं कि माता-पिता आशीर्वाद बिना कोई सफलता नहीं मिल सकती। योगी सरकार में मंत्री बनने के बाद जब घर पहुंचे थे, उस दौरान उन्होंने माता-पिता के पैरों में फूल चढ़ाए थे। ऐसे कई अवसरों पर उन्हें माता-पिता का सम्मान करते देखा जाता था। बता दें कि कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर के बेटे अरविंद राजभर को भाजपा गठबंधन ने घोसी लोकसभा सीट से उम्मीदवार बनाया है। अरविंद के सामने सपा ने राजीव राय और बसपा ने बालकृष्ण चौहान को मौका दिया है। राजभर इन दिनों बेटे के चुनाव को लेकर काफी व्यस्त थे।
 

Also Read