कंगना रनौत के ट्वीट पर विवाद : समाजवादी पार्टी ने दी सलाह, कहा- पहले बापू के बारे में पढ़ें

UPT | कंगना रनौत

Oct 03, 2024 17:10

कंगना रनौत ने महात्मा गांधी की जयंती पर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया। जिसके बाद समाजवादी पार्टी के नेता सुनील सिंह साजन ने कंगना को कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए महात्मा गांधी के बारे में अधिक पढ़ने की सलाह दी है।

National News : फिल्म अभिनेत्री और हिमाचल प्रदेश के मंडी से भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की सांसद कंगना रनौत द्वारा महात्मा गांधी को लेकर किए गए पोस्ट के बाद विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। कंगना ने  महात्मा गांधी की जयंती के दिन 2 अक्टूबर को एक ट्वीट किया था जिसमें उन्होंने लिखा कि देश के पिता नहीं, देश के लाल होते हैं। धन्य हैं भारत माता के ये लाल। इस सोशल मीडिया पोस्ट के बाद राजनीतिक दलों से लेकर सोशल मीडिया तक भारी प्रतिक्रिया सामने आ रही है। समाजवादी पार्टी (सपा) के नेता सुनील सिंह साजन ने कंगना के पोस्ट पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए महात्मा गांधी के बारे में अधिक पढ़ने की सलाह दी है।

पोस्ट कर लिखी ये बात
कंगना रनौत ने महात्मा गांधी की जयंती पर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर लिखा कि देश के पिता नहीं, देश के लाल होते हैं। धन्य हैं भारत माता के ये लाल।" इस पोस्ट के साथ कंगना ने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की तस्वीर भी साझा की थी। कंगना के इस बयान के बाद कई राजनीतिक और सामाजिक नेता नाराज हो गए और इसे महात्मा गांधी का अपमान माना।

कंगना के ट्वीट पर सपा नेता का कटाक्ष
सपा नेता सुनील सिंह साजन ने कहा कि कंगना रनौत को देश के साथ-साथ महात्मा गांधी के बारे में अध्ययन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि गांधी जी देश के लाल नहीं, राष्ट्रपिता हैं। लोगों ने उन्हें राष्ट्रपिता की उपाधि दी है। उन्होंने भारत की आजादी के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित किया। कंगना जिस विचारधारा का प्रतिनिधित्व करती हैं, उसमें किसानों को आतंकवादी और खालिस्तानी के रूप में देखा जाता है, जबकि बलात्कारी उन्हें साधु-संत नजर आते हैं। सपा नेता का यह बयान सीधे तौर पर कंगना के ट्वीट और उनके विचारों पर कटाक्ष करता है।

ये भी पढ़ें : 70 देशों के प्रतिनिधि, 2500 स्टॉल : यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में मिले 10 हजार करोड़ के ऑर्डर, जानिए कितने आए दर्शक

कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने भी कंगना पर साधा निशाना
कंगना रनौत के महात्मा गांधी पर किए गए ट्वीट को लेकर कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने भी कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कंगना के बयान को "भद्दा तंज" करार देते हुए कहा कि बापू और शास्त्री जी के बीच भेदभाव केवल गोडसे के उपासक ही कर सकते हैं। सुप्रिया ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सवाल किया कि क्या वह अपनी पार्टी की नई गोडसे भक्त को माफ करेंगे।

ये भी पढ़ें : गूगल का बड़ा अपडेट : जीमेल में लॉन्च किया एआई पावर्ड समरी कार्ड, जल्द मिलेगा यूजर्स को फायदा

सोनभद्र की घटना पर योगी सरकार को घेरा
सुनील सिंह साजन ने इस विवाद के साथ-साथ उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उन्होंने सोनभद्र में एक आदिवासी युवक के साथ हुई घटना का जिक्र करते हुए कहा कि यह कोई पहली घटना नहीं है जहां दलितों, पिछड़ों और आदिवासियों के साथ अन्याय हुआ हो। सपा नेता ने कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार को दलितों और पिछड़ों के साथ अन्याय करने में आनंद आता है। वे दावा करते हैं कि राज्य में कानून व्यवस्था है और यहां रामराज्य है, लेकिन सोनभद्र जैसी घटनाएं यह साबित करती हैं कि राज्य में वास्तव में जंगलराज है।
साजन के इस बयान ने उत्तर प्रदेश की योगी सरकार को सीधे तौर पर घेर लिया है। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर राज्य में सही कानून व्यवस्था होती, तो सोनभद्र जैसी घटनाएं नहीं होतीं।

Also Read