Delhi
ऑथर

IPL Auction 2024 : एक ओवर में पांच छक्के खाने वाले यूपी के गेंदबाज को भी मिली भारी रकम, रिंकू ने खत्म ही कर दिया था आईपीएल करियर

uttar pradesh times | Yash Dayal

Dec 20, 2023 15:19

मिनी ऑक्शन में गुजरात और आरसीबी दोनों उन्हें अपने पाले में करना चाहती थी, मगर अंत में बाजी रॉयल चैलेंजर बैंगलोर के हाथ लगी। उसने पांच करोड़ की भारी-भरकम कीमत चुकाकर यश को अपने पाले में कर लिया।

IPL Auction 2024 : इस बार मिनी आईपीएल नीलामी में उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों का जलवा रहा। यूपी के अनजान अनकैप्ड खिलाड़ी समीर रिजवी की आश्चर्यजनक रूप से 8.40 करोड़ रुपए की बोली लगी तो वहीं शिवम मावी को भी भारी भरकम रकम 6.40 करोड़ रुपए मिले। लेकिन सबसे ज्यादा आश्चर्यजनक रहा यश दयाल की भारी-भरकम बोली लगना। प्रयागराज के इस तेज गेंदबाज को 5 करोड़ रुपए की भारी-भरकम रकम चुकाकर रॉयल चैलेंजर बैंगलोर ने अपने पाले में किया।

पहले सीजन में किया था शानदार प्रदर्शन
बाएं हाथ के तेज गेंदबाज यश दयाल 2022 के विजय ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन कर चर्चा में आए थे। उनके इस प्रदर्शन का ही परिणाम था कि केकेआर, रॉयल चैलेंजर बैंगलोर और गुजरात टाइटंस के बीच उन्हें लेने की होड़ मच गई थी। अंत में 3.2 करोड़ रुपए में वह गुजरात टाइटंस के हो गए थे। अपने पहले आईपीएल सीजन में उन्होंने अपने दम पर कई फंसे हुए मैच निकालकर गुजरात को दिए। इसका नतीजा रहा कि गुजरात पहले साल चैम्पियन बनी थी। उन्होंने अपने तेज गेंदबाजों मोहम्मद शमी, लॉकी फग्यूसन और शिवम मावी का अच्छा साथ निभाया था।

रिंकू सिंह ने इसी गेंदबाज के एक ही ओवर में मारे थे पांच छक्के 
यश दयाल का दूसरा सीजन हालांकि अच्छा नहीं गया। उन्हें केकेआर के साथ एक मैच में अंतिम ओवर में 28 रन बचाने की चुनौती थी। मगर यूपी के ही एक और जाबांज खिलाड़ी रिंकू सिंह ने अपने करिश्माई प्रदर्शन से गुजरात के पाले में जा चुके मैच को पलटकर रख दिया। उन्होंने उनकी लगातार पांच गेंदों को छक्के के लिए बाउंड्री से बाहर भेजकर केकेआर को जीत दिला दी। इसके बाद यश पर न तो गुजरात ने ज्यादा भरोसा दिखाया और न वह दूसरे सीजन में बेहतर प्रदर्शन कर सके। इसके बाद गुजरात ने उन्हें टीम से बाहर का रास्ता दिखा दिया। मजबूरन उन्हें ऑक्शन के लिए अपना नाम देना पड़ा। 

आरसीबी ने लगाया दांव
ऐसा लग रहा था कि उनके इस प्रदर्शन के बाद उनका आईपीएल करियर खत्म ही हो गया है और इस बार कोई टीम शायद ही उन पर दांव लगाएगी। मगर देखने में इसका उल्टा ही आया। गुजरात ने इस बार भी नीलामी में उन पर दांव लगाया। मगर आरसीबी जो 2022 में इन्हें लेना चाहती थी, उसने गुजरात को पीछे छोड़कर यश को अपने पाले में ले लिया।

पिता भी थे क्रिकेटर 
यश दयाल लेफ्ट आर्म फास्ट बॉलर हैं। वह 140 किलोमीटर प्रति घंटा की गति से गेंद फेंकने में सक्षम हैं। 2022 में बांग्लादेश दौरे के लिए उनका टीम इंडिया में चयन हुआ था। हालांकि चोटिल हो जाने की वजह से वह अंतरराष्ट्रीय डेब्यू नहीं कर पाए थे। बता दें कि यश दयाल के पिता चंद्रपाल दयाल भी क्रिकेटर रह चुके हैं। 

Also Read