Saharanpur News : सहारनपुर कोर्ट में पेश हुए भाकियू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश टिकैत, मिली जमानत

UPT | कोर्ट में पेशी के बाद नरेश टिकैत

May 24, 2024 12:55

भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत शुक्रवार को सहारनपुर की कोर्ट में पेश हुए। जहां कोर्ट में पेश होने के बाद उनको कुछ ही देर में जमानत भी मिल गई। बताया गया कि शुक्रवार की सुबह...

Saharanpur News : भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत शुक्रवार को सहारनपुर की कोर्ट में पेश हुए। जहां कोर्ट में पेश होने के बाद उनको कुछ ही देर में जमानत भी मिल गई। बताया गया कि शुक्रवार की सुबह उनके साथ सैकड़ों गाड़ियों का एक विशाल काफिला और हजारों समर्थक भी रहे। बता दें कि नरेश टिकैत एक पुराने मामले में सहारनपुर न्यायालय द्वारा जारी गैर-जमानती वारंट के बाद न्यायालय में पेश हुए हैं। 

काफिले के साथ कोर्ट पहुंचे नरेश टिकैत
देवबंद-सहारनपुर राज्य राजमार्ग पर रोहाना टोल प्लाजा के पास नरेश टिकैत सैकड़ों गाड़ियों और समर्थकों के काफिले के साथ सहारनपुर कोर्ट में पेशी के लिए रवाना हुए थे। उनके साथ समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद हरेंद्र मलिक भी थे। इस दौरान नरेश टिकैत ने बताया कि उन्हें किसी पुराने मामले में न्यायालय द्वारा वारंट जारी किया गया है, लेकिन उन्हें इस बारे में कोई पत्र, संदेश या नोटिस नहीं मिला है। काफिले और भीड़ के बारे में पूछे जाने पर, उन्होंने कहा कि यह सब कार्यकर्ता और पदाधिकारी हैं, और अगर उनका मन है सहारनपुर जाने का, तो वे जा रहे हैं। सभी सहारनपुर कमिश्नरी में एकत्रित रहेंगे और न्यायालय के आदेश के बाद जो भी निर्णय होगा, उस पर अमल करेंगे। उन्होंने कहा कि वह न्यायालय का सम्मान करते हैं, इसलिए वह सहारनपुर जा रहे हैं।

कोर्ट से मिली जमानत
भाकियू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश टिकैत शुक्रवार को सहारनपुर कोर्ट में पेश हुए। जहां उनको दस मिनट बाद ही जमानत भी दे दी गई। बता दें कि दो दिन पहले सहारनपुर की MP-MLA कोर्ट ने उनकी गिरफ्तारी को वारंट जारी किया था। हालांकि, गिरफ्तारी से बचते हुए नरेश टिकैत खुद ही कोर्ट पहुंच गए। यह पूरा मामला साल 2010 का बताया गया है। इसके चलते नरेश टिकैत पर हरियाणा के अंबाला हाईवे को जाम करने और बिना अनुमति के सम्मेलन करने का आरोप था। पेशी पर पहुंचे नरेश टिकैत ने कहा- परसों हमें जानकारी हुई कि कोर्ट में पेश होना है। कोर्ट के आदेश का सम्मान करते हुए आया हूं। वहीं नरेश टिकैत के कोर्ट में पेशी के दौरान उनके समर्थक व कार्यकर्ता कोर्ट के बाहर उनका इंतजार करते रहे। इस दौरान कड़ी सुरक्षा व्यवस्था भी गई थी।

24 लोगों के खिलाफ हुआ था मुकदमा
बता दें कि नरेश टिकैत पर 2010 में सहारनपुर के सरसावा में अंबाला हाईवे जाम करने का आरोप है। हाईवे जाम किए जाने के इस मामले में कांग्रेस नेता इमरान मसूद समेत 24 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। नरेश टिकैत पर बिना अनुमति सम्मेलन और जाम लगाने का आरोप है। जिसको लेकर इस मुकदमे में इमरान मसूद, वीरेंद्र, राज सिंह, राजकुमार, सुशील चौधरी, मुकेश चौधरी, ओमी पंवार, वीरेंद्र शास्त्री, सलमान मसूद, नरेश टिकैत, अब्दुल वाहिद, प्रदीप, राजपाल, वीरेंद्र सिंह, प्रवेश गुर्जर, प्रीतम सिंह, जसंवत, मेलाराम पंवार, पप्पू, वीरेंद्र, चरण सिंह, अशोक, बलजीत सिंह और अशोक चौधरी को नामजद किया गया था। नरेश टिकैत इस मामले में कोर्ट में पेश हुए और उन्हें जमानत भी मिल गई।

 

Also Read