देश मे चल रहा मोदी मैजिक : लोकसभा चुनाव के लिए कलस्टर विस्तारक बैठक, पश्चिमी यूपी की 14 सीट जीतने का लक्ष्य

UPT | भाजपा सांसद और पूर्व डिप्टी सीएम डॉ. दिनेश शर्मा

Feb 03, 2024 20:19

भाजपा के कलस्टर विस्तारक अभियान के राष्ट्रीय संयोजक बनाए गए राज्यसभा सांसद डॉ. दिनेश शर्मा ने शनिवार को गांधीनगर स्थित पार्टी कार्यालय पर कलस्टर विस्तारक बैठक में लोकसभा चुनाव को लेकर तैयारियों की समीक्षा की...

Short Highlights
  • भाजपा सासंद  डॉ. दिनेश शर्मा ने विपक्ष पर साधा निशाना
  • पश्चिमी उत्तर प्रदेश की सभी 14 लोकसभा सीटों को जीतने की तैयारी
  • अंतरिम बजट को बताया भारत के विकसित राष्ट्र बनाने का आधार
Muzaffarnagar News : भारतीय जनता पार्टी के सांसद और पूर्व डिप्टी सीएम डॉ. दिनेश शर्मा ने शनिवार को लोकसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर कलस्टर विस्तारक बैठक में मुजफ्फरनगर सहित वेस्ट यूपी की पांच लोकसभा सीटों के विस्तारकों और पालकों की बैठक में मजबूत तैयारियों पर जोर दिया। इसके साथ ही उन्होंने मीडिया कर्मियों से बातचीत करते हुए कहा कि वर्तमान में देश में मोदी मैजिक चल रहा है। उन्होंने विपक्ष पर आरोप लगाया कि विपक्ष ने देश को बांटा है और भाजपा जोड़ने का काम कर रही है।

लोकसभा चुनाव की चल रही तैयारी
भाजपा के कलस्टर विस्तारक अभियान के राष्ट्रीय संयोजक बनाए गए राज्यसभा सांसद डॉ. दिनेश शर्मा ने शनिवार को गांधीनगर स्थित पार्टी कार्यालय पर कलस्टर विस्तारक बैठक में लोकसभा चुनाव को लेकर तैयारियों की समीक्षा की। इस बार लोकसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर भाजपा ने पांच लोकसभा सीटों का कलस्टर बनाया है। इनमें विस्तारक और पालक नियुक्त किए गए हैं। मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, कैराना, बिजनौर और नगीना सीट के कलस्टर के प्रभारी एमएलसी सत्यपाल सैनी के साथ सांसद डॉ. दिनेश शर्मा ने 30 कलस्टर विस्तारकों और पालकों की बैठक ली और उनसे तैयारियों को लेकर संवाद भी किया।

2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का आधार अंतरिम बजट
बैठक के बाद सांसद डॉ. दिनेश शर्मा ने मीडिया कर्मियों से बातचीत करते हुए कहा कि आज भारत में मोदी मैजिक चल रहा है। मोदी जी का प्रधानमंत्री पद का दस साल का कार्यकाल भारत के विकास की यात्रा रही है। महंगाई की दर स्थिर रही है। 2014 से पहले से कम महंगाई की दर वर्तमान में है। आज भारत वैश्विक स्तर पर सम्पन्न देशों को पछाड़ रहा है। वर्तमान में अमेरिका, ब्रिटेन, जापान और जर्मनी की विकास दर भारत के विकास की दर से कम है। 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की आधारशिला प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रखने के लिए ही अंतरिम बजट पेश किया है।

विपक्ष पर कसा तंज
डॉ. दिनेश शर्मा ने आरोप लगाया कि जातिवाद का कुचक्र विपक्ष ने चलाया था, आज वो महत्वहीन हो चुका है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश की सभी 14 लोकसभा सीटों को जीतने के लिए काम कर रहे हैं। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि किसान भाजपा सरकार की नीतियों से खुश है। गन्ना मूल्य उचित रूप से मिल रहा है। दो बार मूल्य बढ़ाया गया है। बिजली भी पूरी मिल रही है। सड़कों का जाल गांव गांव बिछाया गया है। यूरिया और खाद भी आसानी से मिल रहा है। सोलर लाइट की योजना से किसानों को बड़ा लाभ मिलेगा। एक करोड़ लोगों को 300 यूनिट बिजली फ्री मिलेगी।

सपा को भी बनाया निशाना
ज्ञानवापी प्रकरण को लेकर पूर्व डिप्टी सीएम ने कहा कि ज्ञानवापी के व्यासजी तहखाने में 1993 तक पूजा अर्चना होती आई और सपा की सरकार में इसको रोका गया था। अदालत के आदेश सभी को मानना चाहिए। समान नागरिक संहिता सभी को बराबरी का अधिकार देगी। स्वार्थ के लिए गठबंधन हो रहा है। उन्होंने कहा कि नीतीश की तरह और भी लोग इनसे जल्द अलग होने जा रहे हैं। झारखंड के लिए कानून अपना काम कर रहा है। इसके बाद वो भाजपा नेता पुनीत वशिष्ठ के आवास पर भी पहुंचे और कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। जिलाध्यक्ष सुधीर सैनी, एमएलसी सत्यपाल सैनी, अचर्ना मिश्रा, योगेश मिश्रा, पूर्व जिला अध्यक्ष विजय शुक्ला, राहुल गोयल, अमित वत्स, संजय मिश्रा, शरद शर्मा, पूर्व विधायक अशोक कंसल, राजेश पाराशर आदि इस दौरान मौजूद रहे।

Also Read