विजिलेंस कर्मचारियों की पिटाई का मामला: उपचुनाव में बढ़ सकती है भाजपा की मुश्किलें, वीडियो वायरल होते ही विपक्ष ने बनाया मुद्दा

UPT | विजिलेंस कर्मचारियों की पिटाई का मामला।

Sep 08, 2024 19:41

चंदौली में भाजपा नेता की अगुवाई में कार्यकर्ताओं की ओर से विद्युत विभाग के विजिलेंस कर्मचारियों की पिटाई का मामला उपचुनाव में भाजपा की मुश्किलें बढ़ा सकता है। इस घटना का वीडियो वायरल होते ही विपक्ष ने इसे मुद्दा बना लिया है।

Short Highlights

भाजपा सरकार का 'पुलिस के प्रति ज़ीरो टालरेंस’ का कारनामा"

Chandauli News : चंदौली जिले में भाजपा नेता सूर्य मुनि तिवारी की अगुवाई में कार्यकर्ताओं द्वारा विद्युत विभाग के विजिलेंस कर्मचारियों की पिटाई का मामला उपचुनाव में भाजपा की मुश्किलें बढ़ा सकता है। इस घटना का वीडियो वायरल होते ही विपक्ष ने इसे मुद्दा बना लिया है। सपा इस मामले पर आक्रामक हो गई है और भाजपा सरकार को घेरने का कोई मौका नहीं छोड़ रही। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म X पर इस घटना पर प्रतिक्रिया दी और भाजपा सरकार की आलोचना की।

अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना
अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर लिखा, "पुलिस के प्रति 'ज़ीरो टालरेंस' का कारनामा: पुलिस का भाजपाइयों ने किया अपहरण। अब क्या पुलिसवालों को एफआईआर लिखवाने भाजपा के मुख्यालय जाना पड़ेगा?" उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि "बस यही दिन देखना बाकी था।" इसके अलावा, सपा प्रवक्ता मनोज सिंह काका और पूर्व आईपीएस अधिकारी अमिताभ ठाकुर ने भी यह वीडियो शेयर करते हुए भाजपा पर हमला बोला और डीजीपी से मामले की जांच की मांग की।

विजिलेंस कर्मचारियों की पिटाई और पुलिस की चुप्पी
शुक्रवार को चंदौली में भाजपा कार्यकर्ताओं ने विद्युत विभाग के विजिलेंस कर्मचारियों पर रिश्वत लेने का आरोप लगाते हुए उनकी पिटाई कर दी। विजिलेंस टीम के सिपाही और संविदा पर कार्यरत चालक को जबरन गाड़ी में बिठाकर थाने ले जाया गया। यह घटना भाजपा नेता सूर्य मुनि तिवारी और अन्य कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में हुई। घटना के बाद पुलिस और विजिलेंस अधिकारियों के बीच बातचीत चली, लेकिन पुलिस ने इस पर टिप्पणी करने से बचाव किया। हालांकि, बाद में विजिलेंस अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद भाजपा नेता सूर्य मुनि तिवारी समेत 22 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।

सपा प्रवक्ता का सवाल: "गुंडागर्दी या पुलिस सत्कार?" 
सपा प्रवक्ता मनोज सिंह काका ने वीडियो शेयर करते हुए पूछा, "यह गुंडागर्दी है या पुलिस सत्कार?" उन्होंने डीजीपी से कार्रवाई की मांग की और कहा कि भाजपा के नेताओं पर कोई कार्रवाई क्यों नहीं हो रही है। अमिताभ ठाकुर ने भी वीडियो शेयर कर भाजपा नेताओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

इस घटना ने भाजपा सरकार को विपक्ष के निशाने पर ला खड़ा किया है, जिससे भाजपा को आगामी चुनावों में नुकसान हो सकता है। 

Also Read