​​​​​​​श्री रूद्रांबिका महायज्ञ : यज्ञाचार्य ने कहा- यज्ञ से समस्त जीवों का कल्याण होता है, समाज में आती है शांति 

UPT | यज्ञ के दौरान अग्नि पूजन करते यज्ञाचार्य व अन्य।

Oct 20, 2024 20:15

नौली के प्राचीन काली शिव मंदिर के प्रांगण में श्री रूद्रांबिका महायज्ञ चल र है। महायज्ञ की विधिवत शुरुआत यज्ञाचार्य वेद विभूषण वेदाचार्य डॉ पंडित धनंजय पांडे के आचार्यत्व में हुई।

Ghazipur News : गाज़ीपुर के नौली स्थित प्राचीन काली शिव मंदिर के प्रांगण में चल रहे श्री रूद्रांबिका महायज्ञ का आयोजन भव्य रूप से किया जा रहा है। इस महायज्ञ की विधिवत शुरुआत यज्ञाचार्य वेद विभूषण वेदाचार्य डॉ. पंडित धनंजय पांडे के आचार्यत्व में हुई। काशी से पधारे वैदिक विद्वानों ने वैदिक मंत्र पद्धति से भगवान अग्नि नारायण का प्राकट्य किया। इसके साथ ही आज से यज्ञ मंडप में भगवान रुद्रांबिका की यज्ञ आहुति की भी शुरुआत हो गई है।


यज्ञ स्थल पर भारी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित हो रहे
यज्ञ स्थल पर भारी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित हो रहे हैं, जो बड़े उत्साह के साथ यज्ञ मंडप की परिक्रमा कर रहे हैं और दर्शन-पूजन में भाग ले रहे हैं। प्रतिदिन प्रातः 7:00 बजे से वेद पारायण और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ मंडप पूजन का कार्यक्रम आरंभ होता है। इस मंत्रोच्चार से पूरे क्षेत्र में आध्यात्मिक वातावरण बन गया है। दोपहर 2:00 बजे से काशी से पधारे भागवत कथा व्यास पंडित कन्हैया द्विवेदी महाराज श्रीमद्भागवत महापुराण की दिव्य संगीतमय कथा का वाचन कर रहे हैं। कथा के दौरान ध्रुव चरित्र, अजामिल उपाख्यान, और भगवान की नवधा भक्ति का वर्णन किया जा रहा है, जिससे श्रद्धालु भक्ति में तल्लीन हो जाते हैं। दिव्य अवतारों की कथा सुनकर श्रोतागण भक्ति रस का आनंद ले रहे हैं।

सभी को धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी
यज्ञाचार्य ने इस अवसर पर बताया कि यज्ञ का आयोजन सबके कल्याण के लिए किया गया है और यह मनुष्य जीवन के मुख्य उद्देश्य की प्राप्ति में सहायक होता है। उन्होंने बताया कि यज्ञ से समस्त जीवों का कल्याण होता है और इससे समाज में शांति और समृद्धि आती है।महायज्ञ के दौरान विशिष्ट अतिथि के रूप में श्री कृष्ण योग माया शक्तिपीठ के संस्थापक परमहंस परिव्राजक आचार्य स्वामी श्री ज्ञानानंद सरस्वती महाराज ने उपस्थित जनमानस को अपने आशीर्वचन से लाभान्वित किया। स्वामी जी ने यज्ञ की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए सभी को धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी।

इस अवसर पर आशुतोष मिश्रा, विकास गुप्ता, रविकांत मिश्रा, राम बिहारी सिंह, त्रिभुवन पांडे, कृष्ण यादव, अरविंद सिंह सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। यज्ञ का यह आयोजन श्रद्धा और भक्ति के साथ पूरे क्षेत्र में धार्मिक आस्था का संचार कर रहा है, जिससे हर ओर भक्ति और उत्साह का माहौल है। 

Also Read