झांसी। आगामी चुनाव को ध्यान में रखते हुए बुंदेलखंड विकास निधि के तहत इस बार झांसी को सबसे बड़ा हिस्सेदारी दी गई है। शासन ने सातों जिलों के लिए कुल 175 करोड़ रुपये से अधिक का बजट आवंटित किया है और झांसी को 58.33 करोड़ रुपये मिले हैं।
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यह राशि जनप्रतिनिधियों द्वारा प्रस्तुत किए जाने वाले प्रस्तावों के आधार पर विकास व निर्माण कार्यों में खर्च की जाएगी। वितरित धनराशि से सड़क, पेयजल, सिंचाई, बिजली, पुलिया निर्माण और गो आश्रय स्थल जैसी परियोजनाएं कराई जाएंगी।
जिलावार आवंटन विवरण
शासन ने जिलावार आवंटन भी जारी किया है। बांदा व जालौन को प्रत्येक को 25.92 करोड़ रुपये, चित्रकूट व महोबा को 19.44-19.44 करोड़ रुपये तथा ललितपुर व हमीरपुर को 12.96-12.96 करोड़ रुपये दिए गए हैं।
आदेश में कहा गया है कि योजनाओं का चुनाव करते समय क्षेत्रीय संतुलन का विशेष ध्यान रखा जाएगा। सभी विधानसभा क्षेत्रों में लगभग समान परिस्थितियों में समान धनराशि मिलने का प्रयास किया जाएगा और इसके लिए संबंधित जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर प्रस्ताव अंतिम किए जाएंगे।
अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि कार्य शुरू कराने से पहले तकनीकी स्वीकृति लेना अनिवार्य होगा। पहली किस्त खर्च होने के बाद ही अगली किस्त के लिए नियमों के अनुसार प्रक्रिया अपनाई जाएगी और जिन योजनाओं पर आवंटित धनराशि खर्च नहीं हो सकेगी, उसे वापस करने के भी निर्देश दिए गए हैं।
किसी भी कमी या देरी की स्थिति में मुख्य विकास अधिकारी को योजनाओं को समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। आदेश में यह भी कहा गया है कि आवश्यकता के अनुसार धनराशि कोषागार से आहरित की जाए।
“बुंदेलखंड विकास निधि के तहत जनपद के लिए 58.33 करोड़ रुपये का बजट आवंटित हुआ है। इस धनराशि से जनप्रतिनिधियों की ओर से दिए जाने वाले प्रस्तावों के आधार पर विकास और निर्माण कार्य कराए जाएंगे।” – रामेश्वर सुधाकर सब्बनवाड़, सीडीओ, झांसी
स्रोत: अमर उजाला

