Agra News : महिला अपराध पर लगाम लगाने की कवायद, 44 एंटी रोमियो स्क्वाड, 123 अधिकारी तैनात

UPT | उत्तर प्रदेश टाइम्स से खास बातचीत करतीं एसीपी सुकन्या शर्मा।

Oct 01, 2024 17:18

आगरा में महिला सुरक्षा पर लगातार सवाल खड़े हो रहे हैं। महिलाओं के प्रति अपराध बढ़ रहे हैं। अब आगरा पुलिस कमिश्नरी में पुलिस ऐसे अपराधियों पर शिकंजा कसने की तैयारी कर ली है। एसीपी सुकन्या शर्मा ने जनपद में बढ़ते...

Agra News : आगरा में महिला सुरक्षा पर लगातार सवाल खड़े हो रहे हैं। महिलाओं के प्रति अपराध बढ़ रहे हैं। अब आगरा पुलिस कमिश्नरी में पुलिस ऐसे अपराधियों पर शिकंजा कसने की तैयारी कर ली है। एसीपी सुकन्या शर्मा ने जनपद में बढ़ते महिला अपराध के बाबत उत्तर प्रदेश टाइम्स से एक्सक्लूसिव बातचीत में कहा कि यह बात सही है कि पुलिस की जिम्मेदारी है कि वह अपराध पर विराम लगाए, लेकिन जब तक ऐसे अपराधों पर विराम लगाने के लिए समाज सामने नहीं आएगा, तब तक महिला सुरक्षा की बात करना बेमानी है। समाज की भी जिम्मेदारी बनती है कि वह ऐसे तत्वों पर निगरानी रखें और संदेह होने पर उसकी जानकारी पुलिस के साथ साझा करें।

महिला अपराध पर सीएम योगी सख्त
गौरतलब है कि महिला अपराध पर सूबे के मुखिया योगी आदित्यनाथ पुलिस अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने साफ कहा है कि महिलाओं के प्रति अपराध को सख्ती से रोका जाए। बावजूद इसके उत्तर प्रदेश में महिला अपराध का ग्राफ थमता नहीं दिखाई दे रहा है। ताज नगरी भी इससे अछूती नहीं है। एसीपी सुकन्या शर्मा ने कहा कि महिला अपराध पर विराम लगाने के लिए आगरा पुलिस कमिश्नरी में 44 एंटी रोमियो टीम है, जो हमेशा सक्रिय रहती है। महिला सुरक्षा के लिए 123 महिला बीट पुलिस अधिकारी हैं। आगरा पुलिस कमिश्नरी में महिला सुरक्षा के लिहाज से जो भी उपाय किए जाने चाहिए, वे किए जा रहे हैं।

आगरा में बनाए जा रहे महिला सेफ जोन
एसीपी सुकन्या शर्मा ने बताया कि पुलिस आयुक्त जे. रविंदर गौड़ के निर्देशन में आगरा पुलिस कमिश्नरी में महिला सेफ जोन बनाए जा रहे हैं। महिला सेफ जोन बनाने का मुख्य उद्देश्य यही है कि ऑटो, ई-रिक्शा, टैक्सी को चिन्हित करना है, जिससे महिलाएं खुद को सुरक्षित महसूस करें। इन सभी ऑटो, ई-रिक्शा एवं टैक्सी चालकों का सत्यापन करना है। रात में आगरा कमिश्नरी में महिलाएं सुरक्षित हैं या नहीं, इसके लिए पुलिस अधिकारियों द्वारा समय समय पर निरीक्षण भी किए जा रहे हैं। ऐसा ही एक निरीक्षण मैंने बीते दिनों रात को किया था। इसमें यह भी देखना था कि जब महिलाएं रात में गुजरती हैं तो वहां पर रौशनी और सीसीटीवी कैमरा है या नहीं, क्योंकि रात में गुजरते समय रास्ते में अंधेरा मिलता है तो अराजक तत्व उसका लाभ लेकर वारदातों को अंजाम दे देते हैं। अगर सीसीटीवी कैमरे रहते हैं तो अपराधियों को पकड़ने में आसानी रहती है। 

ऑटो और टैक्सी चालकों का सत्यापन 
सुकन्या शर्मा ने बताया कि जिले के सभी ऑटो एवं टैक्सी चालकों का सत्यापन कराया जा रहा है। इस निरीक्षण के दौरान इसको भी परखा गया कि ऑटो चालकों का पुलिस द्वारा सत्यापन किया गया है या नहीं। महिला सुरक्षा की प्रभारी सहायक पुलिस आयुक्त ने बताया कि ताज नगरी में आने वाली देसी और विदेशी महिला पर्यटकों की सुरक्षा की जिम्मेदारी भी आगरा पुलिस की है। इसको लेकर भी आगरा पुलिस समय-समय पर अभियान चलाती है। महिला पर्यटक आगरा में खुद को असुरक्षित महसूस ना करें, इसके लिए अलग से जिले के सभी मॉन्यूमेंट्स पर अभियान चलाएंगे। महिला सेल की अधिकारी वहां पर देखेंगी कि महिला पर्यटकों की सुरक्षा के लिए क्या किया जा सकता है। 

चिन्हित किए जा रहे हॉटस्पॉट 
एसीपी सुकन्या शर्मा ने कहा कि आगरा पुलिस कमिश्नरी में महिलाओं के प्रति अपराध के बाद सबसे पहले महिला सेल की टीम वहां पहुंचती है। घटना का गहनता के साथ निरीक्षण किया जाता है और जो भी चीजें वहां मिलती हैं, उससे अधिकारियों को अवगत कराया जाता है। जिले में महिला अपराध को लेकर कहां कहां हॉटस्पॉट है, उन्हें चिन्हित किया जाता है, ऐसे हॉटस्पॉट पर महिला अपराध पर कैसे विराम लगाया जा सकता है, इस पर भी काम किया जा रहा है।

Also Read