Agra News : राजस्व निरीक्षक शिप्रा गुप्ता को कार सवार जबरन बैठा ले गए, नगर निगम और पुलिस महकमे में मचा हड़कंप

Uttar Pradesh Times | आगरा नगर निगम

Jan 09, 2024 18:02

नगर निगम की राजस्व निरीक्षक शिप्रा गुप्ता को निगम परिसर से ही कार सवार जबरन बैठा ले गए। इससे नगर निगम और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। इसके बाद से ही नगर निगम अधिकारियों एवं आगरा पुलिस ने नगर निगम में डेरा डाल दिया है। नगर निगम में चर्चाएं जोरों पर हैं कि राजस्व निरीक्षक को रिश्वत के मामले में एंटी करप्शन/विजिलेंस की टीम उठा कर ले गई है। इस मामले में नगर निगम के अधिकारी अभी कुछ भी बोलने को तैयार नहीं हैं।

Short Highlights
  • ​​​​​निगम में चर्चाएं हैं कि रिश्वत के मामले में एंटी करप्शन/विजिलेंस की टीम उठा कर ले गई
  • इस मामले में नगर निगम के अधिकारी अभी कुछ भी बोलने को तैयार नहीं  
  • नगर निगम अधिकारियों एवं आगरा पुलिस ने नगर निगम में डेरा डाल दिया
Agra News : आगरा का नगर निगम इन दोनों अपने टैक्स वसूली पर लगा हुआ है, टैक्स वसूली के लिए नगर निगम द्वारा बकायेदारों को नोटिस भी दिए जा रहे हैं। नोटिस के साथ-साथ भवनों पर सीलिंग की भी कार्रवाई की जा रही है। इसी बीच मंगलवार को नगर निगम में उस समय हड़कंप मच गया जब हरी पर्वत जोन की राजस्व निरीक्षक शिप्रा गुप्ता को लगभग 2:00 बजे नगर निगम के गेट नंबर एक अचानक कुछ लोग कार में आए और शिप्रा गुप्ता को जबरन बैठा कर ले गए। नगर निगम में जब यह खबर फैली कि उनके राजस्व निरीक्षक को कुछ लोग जबरन उठाकर जबरन ले गए हैं तो नगर निगम एवं पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। स्थानीय पुलिस के साथ-साथ नगर निगम के आलाधिकारी भी घटना स्थल पर पहुंच गए और कमांड सेंटर के सीसीटीवी कैमरे को खंगाला गया। 

एक कार रुकी और उसमें से कई लोग उतरे
बताते चलें कि नगर निगम के हरी पर्वत जोन में राजस्व निरीक्षक के पद पर शिप्रा गुप्ता की तैनाती है। वह कमला नगर और बलकेश्वर क्षेत्र देख रही हैं। मंगलवार को करीब दो बजे शिप्रा गुप्ता क्षेत्र से नगर निगम के लिए निकलीं। वह जैसे ही नगर निगम के गेट नंबर एक पर पहुंचीं, वैसे ही उनके पीछे एक कार रुकी और उसमें से कई लोग उतरे। जिन्होंने शिप्रा गुप्ता को पकड़ा और गाड़ी में डाल दिया। वहां खड़े लोग कुछ समझ पाते इससे पहले ही गाड़ी हरीपर्वत चौराहे की तरफ निकल गई। इस तरह घटना हुई उसे देखकर लोगों का मानना है कि नगर निगम की राजस्व निरीक्षक शिप्रा गुप्ता का अपहरण हुआ है। वहीं जब मामले की सही जानकारी आई तो अनुमान लगाया जा रहा है कि किसी रिश्वत के मामले विजिलेंस उनको उठाकर अपने साथ ले गई है।

अपर नगर आयुक्त को नहीं है मामले की जानकारी
बहरहाल नगर निगम में यह चर्चा का विषय बना हुआ है कि राजस्व निरीक्षक शिप्रा गुप्ता को विजिलेंस/एंटी करप्शन की टीम किसी रिश्वत लेने के मामले में उठा कर ले गई है। अब यह पुलिस जांच के बाद ही सामने आएगा कि असली माजरा किया है।। खबर लिखे जाने तक आगरा पुलिस और नगर निगम के प्रशासनिक अधिकारी नगर निगम में डटे हुए थे। वहीं इस संबंध में जब अपर नगर आयुक्त विनोद कुमार गुप्ता से बात की गई तो उनका कहना था कि इस संबंध में हमें भी अधिक जानकारी नहीं है,पता लगाया जा रहा है कि आख़िर कौन लोग हैं जो उन्हें उठा कर ले गए।

Also Read