उत्तर प्रदेश टाइम्स से खास बातचीत : देश की क्षेत्रीय पार्टियां भ्रष्टाचार में डूबी हुई हैं : प्रो. एसपी सिंह बघेल 

UPT | केंद्रीय स्वास्थ्य राज्यमंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल ने यूपी टाइम्स से विशेष बातचीत की।

Feb 05, 2024 08:47

भारत की क्षेत्रीय पार्टियों के लिए सिर्फ उनका परिवार, जाति और उनकी पार्टी ही सब कुछ है। इनकी देश के प्रति कोई अकाउंटेबिलिटी नहीं है। यह सभी लोग भ्रष्टाचार में डूबे हुए हैं....

Agra News (प्रदीप कुमार रावत) : देश की क्षेत्रीय पार्टियां परिवारवाद, जातिवाद और अपनी पार्टी तक ही सीमित हैं। देश के क्षेत्रीय दलों की देश के प्रति कोई अकाउंटेबिलिटी नहीं है। यह लोग भ्रष्टाचार के आकंठ में डूबे हुए हैं। हेमंत सोरेन, शिबू सोरेन की पार्टी हो या फिर सपा, बसपा, मुफ्ती मोहम्मद सईद की पार्टी, अकाली दल, डीएमके,  एआईडीएमके या फिर ममता बनर्जी हों। यह सभी लोग भ्रष्टाचार में डूबे हुए हैं। यह कहना था केंद्रीय स्वास्थ्य राज्यमंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल का।

विपक्ष पर हमला बोला
केंद्रीय मंत्री ने विपक्ष पर चुटकी लेते हुए उत्तर प्रदेश टाइम्स से विशेष बातचीत करते हुए कहा कि इन क्षेत्रीय दलों के आकाओं की आर्थिक स्थिति क्या थी और आज क्या है। उन्होंने कहा कि ईडी या सीबीआई किसी के यहां जाने से पहले साक्ष्य जुटाती है, समन भेजती है। उन्होंने कहा कि यह लोग अपनी आत्मा से पूछे कि उन्होंने आर्थिक अपराध किए हैं या नहीं। इनकी आत्मा जो जवाब देगी वही सही जवाब होगा।

सीबीआई और ईडी हैं संवैधानिक संस्थाएं 
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सीबीआई और ईडी संवैधानिक संस्थाएं हैं। यह संवैधानिक संस्थाएं हैं। इसलिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इनको संरक्षण देते हैं, लेकिन हस्तक्षेप नहीं करते। उन्होंने कहा कि मैंने कभी इनकम टैक्स अधिकारियों से यह नहीं कहा कि यह हमारा विरोधी है उनके यहां आईटी का छापा मारें। उनके विरोधी के पास बंदूक का लाइसेंस है तो उनका लाइसेंस निरस्त करा दें। या किसी विरोधी पर गैंगस्टर और गुंडा एक्ट लगा दें। किसी विरोधी की राशन की दुकान का लाइसेंस निरस्त कर दें। मैं इन चीजों पर निजी तौर पर इन मामलों पर विश्वास नहीं करता हूं और न ही मेरी पार्टी करती है। 

निष्पक्षता के साथ काम कर रही हैं संवैधानिक संस्थाएं 
उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल और हेमंत सोरेन को कई बार ईडी द्वारा समन भेजा गया। यह सभी लोग संवैधानिक पद पर बैठे हुए हैं और इन्हें संवैधानिक संस्थाओं पर ही विश्वास नहीं है। जब आप समन जारी होने के बावजूद भी ईडी के पास नहीं पहुंचेंगे तो ईडी आप के पास आएगी ही। अरविंद केजरीवाल और जिन सभी लोगों को आर्थिक भ्रष्टाचार के मामले में समन मिला है उनके साथ भी ईडी यही करेगी। आज अभी संवैधानिक संस्थाओं पर कोई दबाव नहीं है वह निष्पक्षता के साथ काम कर रही हैं।
 

Also Read