Yamuna Expressway : यमुना एक्सप्रेस-वे पर क्यों हो रहे हैं सैकड़ों हादसे, सामने आई ये वजह, रखें इन बातों का ध्यान

UPT | Yamuna Expressway

Apr 07, 2024 11:32

वर्ष 2012 से वर्ष 2023 तक यमुना एक्सप्रेस-वे पर 7,625 हादसे हुए। जिनमें 3,364 हादसे झपकी लगने से हुए और 1,304 हादसे ओवर स्पीड के कारण हुए...

Short Highlights
  • सड़क हादसों का मुख्य कारण गाड़ी चालकों को झपकी आना और ओवर स्पीड
  • यमुना एक्सप्रेस-वे पर वर्ष 2012 से 2023 तक निकले 23,21,49,852 वाहन
Agra News : यमुना एक्सप्रेस-वे पर हादसे दिन-प्रतिदिन बढ़ते जा रहें हैं। यमुना एक्सप्रेस-वे (Yamuna Expressway)  औद्योगिक विकास प्राधिकरण (Industrial Development Authority) ने यमुना एक्सप्रेस-वे पर होने वाले सड़क हादसों का सूचना का अधिकार अधिनियम के तहत खुलासा करते हुए कहा है कि इनका मुख्य कारण गाड़ी चालकों को झपकी आना और ओवर स्पीड यानी तेज गति बताया है। 

यमुना एक्सप्रेस-वे पर हुए हादसों का विश्लेषण
सूत्रों के मुताबिक वर्ष 2012 से वर्ष 2023 तक यमुना एक्सप्रेस-वे पर 7,625 हादसे हुए। जिनमें 3,364 हादसे झपकी लगने से हुए और 1,304 हादसे ओवर स्पीड के कारण हुए। इन हादसों में 1,320 लोगों की मौत हुई। घायलों की संख्या 11,168 थी। वर्ष 2023 में यमुना एक्सप्रेस-वे से लगभग 3 करोड़ वाहन निकले और यदि वर्ष 2012 से 2023 तक यमुना एक्सप्रेस-वे से निकले वाहनों की संख्या देखें तो वह 23,21,49,852 थी, वाहनों की संख्या बताती है कि यमुना एक्सप्रेस-वे कितना अहम है।

रखें इन बातों का ध्यान
सूत्रों के मुताबिक वरिष्ठ अधिवक्ता ने मांग की थी कि पिछले 12 वर्षों के यमुना एक्सप्रेस-वे के सड़क हादसों का मुख्य कारण क्या है? जिसका कारण झपकी आने निकलकर आया है। इसके लिए कोई समाधान निकालना चाहिए ताकि इस कारण से होने वाले हादसों में कमी आ सके। देर रात वाहनों का आवागमन को भी कम करें और चालकों को सड़क हादसों के लिए जागरुक होना चाहिए। 

औसतन चार दिन में एक मौत
बता दें कि वर्ष 2023 में 2022 के मुकाबले यमुना एक्सप्रेस-वे के सड़क हादसों में कम लोगों की मौत हुई है। वर्ष 2023 में 92 लोगों की, वर्ष 2022 में 102 की मौत हुईं। कुल मिलाकर वर्ष 2023 में यमुना एक्सप्रेस-वे पर सड़क हादसों में औसतन 4 दिनों में एक व्यक्ति की मौत हो गई।

Also Read