आगरा में तार-तार हुआ रिश्ता : करोड़ों की संपत्ति बेचने में रोड़ा बन रही थी पत्नी, पति लेकर आया दो गैलन में पेट्रोल, जिंदा जला डाला

UPT | शाहगंज पुलिस ने मुक़दमा दर्ज किया।

Jan 31, 2024 18:19

आगरा में संपत्ति की खातिर एक पति ने अपनी पत्नी को पेट्रोल डालकर जिंदा जला डाला। पत्नी की उपचार के दौरान मौत हो गयी है। पुलिस आरोपी पति की तलाश में जुट गई है। बेटे ने पिता की करतूत का पुलिस के सामने खुलासा किया है।

Short Highlights
  •  30 जनवरी की रात को शाहगंज पुलिस को महिला के जलने की सूचना मिली थी
  • पुलिस ने तत्काल घायल महिला को एस एन अस्पताल में भर्ती कराया था

 

 

Agra News : आगरा के थाना शाहगंज अंतर्गत पथौली में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जहां संपत्ति के लोभी एक पति ने अपनी ही पत्नी को पेट्रोल डालकर आग लगा दी। मृतका अनीता के बेटे अर्जुन शर्मा ने बताया कि मंगलवार रात 2 बजे करीब पिता राकेश शर्मा घर आए थे। मां अनीता कमरे में अंदर सो रही थी। मां का कमरा अंदर से लॉक था। पिता दो गैलन में पेट्रोल लेकर आए थे। पिता ने दरवाजे के बाहर से पेट्रोल फैला कर आग लगा दी। जिसमें मां बुरी तरह झुलस गई। पिता वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। सूचना पर शाहगंज पुलिस भी पहुंच गयी थी। उन्हें गंभीर अवस्था में पुलिस की सहायता से एस एन मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया था। जहां उपचार के दौरान अनीता ने दम तोड़ दिया। 

खेत और पुश्तैनी जमीन को लेकर विवाद
खेत और पुश्तैनी जमीन को लेकर मां अनीता और आरोपी पिता राकेश शर्मा में विवाद चला आ रहा था। इस बात को लेकर घर में आए दिन झगड़ा भी होता था। मंगलवार सुबह भी इसी बात को लेकर घर मे झगड़ा हुआ था। रात को पिता ने मां के कमरे में आग लगा दी।  बेटे अर्जुन ने पुलिस को बताया कि आरोपी पिता पूरे घर को जलाना चाहते थे।  प्लान को अंजाम देने के लिए दो गैलन में भारी मात्रा में पेट्रोल लेकर घर पहुंचे थे। बड़ा भाई करन पिता का साथ देता था, लेकिन मां संपत्ति को बेचना नहीं चाहती थी। 

आरोपी के खिलाफ मुक़दमा दर्ज
इस मामले को लेकर डीसीपी सिटी सूरज राय ने बताया कि 30 जनवरी की रात को शाहगंज पुलिस को महिला के जलने की सूचना मिली थी। पुलिस ने तत्काल घायल महिला को एस एन अस्पताल में भर्ती कराया था। लेकिन महिला की उपचार के दौरान मौत हो गयी। मृतका के छोटे बेटे की तहरीर पर आरोपी पिता राकेश शर्मा के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में मुक़दमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की गिरफ़्तारी के लिए पुलिस टीम गठित कर दी गयी हैं।

Also Read