विनेश पर बीजेपी नेता की अभद्र टिप्पणी से बवाल : अलीगढ़ में जाट समाज ने थाना घेरा, जानें पूरी डिटेल...

UPT | विनेश पर बीजेपी नेता की अभद्र टिप्पणी से बवाल

Aug 08, 2024 18:08

पहलवान विनेश फोगाट के खिलाफ अलीगढ़ में भाजपा नेता विशाल वार्ष्णेय आनंद ने फेसबुक पर अपमानजनक टिप्पणी की है। इसके विरोध में गुरुवार सुबह जाट वंशावली के जिलाध्यक्ष धर्मवीर सिंह की अगुवाई में बड़ी संख्या...

Aligarh News : विनेश फोगाट के टूर्नामेंट से बाहर होने के बाद लोगों में आक्रोश देखा गया है। उत्तर प्रदेश समेत अन्य राज्यों मे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विनेश फोगाट के समर्थन में प्रदर्शन किया और उनके टूर्नामेंट से बाहर होने को एक साजिश बताया। वहीं, पहलवान विनेश फोगाट के खिलाफ अलीगढ़ में भाजपा नेता विशाल वार्ष्णेय आनंद ने फेसबुक पर अपमानजनक टिप्पणी की है।

फेसबुक पर की अभद्र टिप्पणी
पहलवान विनेश फोगाट के खिलाफ अलीगढ़ में भाजपा नेता विशाल वार्ष्णेय आनंद ने फेसबुक पर अपमानजनक टिप्पणी की है। इसके विरोध में गुरुवार सुबह जाट वंशावली के जिलाध्यक्ष धर्मवीर सिंह की अगुवाई में बड़ी संख्या में लोगों ने क्वार्सी थाने के सामने प्रदर्शन किया। उन्होंने आरोपी के खिलाफ तुरंत मुकदमा दर्ज करने और कार्रवाई करने की मांग की।

थाना प्रभारी ने दिया कार्रवाई का आश्वासन
जिलाध्यक्ष धर्मवीर सिंह ने कहा कि पेरिस ओलंपिक में केवल सौ ग्राम अतिरिक्त वजन के कारण देश की महिला पहलवान विनेश फोगाट पदक से चूक गईं, जो करोड़ों भारतीयों के लिए बहुत निराशाजनक है। उन्होंने कहा कि पूरा देश विनेश फोगाट के साथ खड़ा है। इसके साथ ही, सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ की गई अपमानजनक टिप्पणियों को शर्मनाक और निराशाजनक बताया। थाना प्रभारी विजयकांत शर्मा ने मामले में उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

नोएडा में हुआ जोरदार प्रदर्शन
नोएडा के कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को विनेश फोगाट के समर्थन में सेक्टर-19 स्थित सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय पर प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति के नाम सिटी मजिस्ट्रेट विवेकानंद मिश्रा को ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन के दौरान महानगर अध्यक्ष मुकेश यादव ने कहा कि हमारे देश का नाम रोशन करने वाली खिलाड़ी विनेश फोगाट शानदार खेल खेलते हुए कुश्ती के फाइनल मुकाबले तक पहुंची थी, लेकिन अचानक खबर आई है कि उन्हें मुकाबले से अयोग्य घोषित कर दिया गया है, ऐसा लगता है कि उनके खिलाफ गहरी साजिश की जा रही है। वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिनेश अवाना ने कहा है कि देश का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों के साथ राजनीति की जा रही है। यह देश के लिए दुर्भाग्यपूर्ण है।

हापुड़ में राष्ट्रपति से की मांग
हापुड़ में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता जिला मुख्यालय पर पहुंचे। जहां उन्होंने राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन डिप्टी कलेक्टर को सौंपा, जिसमें विनेश फोगाट को न्याय दिलाने की मांग की गई। कलेक्ट्रेट पर कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष विदित चौधरी और प्रदेश सचिव और जिला प्रभारी पुरुषोत्तम नागर भी पहुंचे। कांग्रेसियों ने कुश्ती खिलाड़ी विनेश फोगाट को न्याय दिलाने के लिए जमकर नारेबाजी भी की। उन्होंने कहा महिला कुश्ती खिलाड़ी विनेश फोगाट की हार में कहीं न कहीं साजिश की बदबू आती है।

विनेश फोगाट ने कर दिया अपने संन्यास का एलान
विनेश फोगाट डिसक्वालीफाई होने के बाद जहां काफी निराश थीं तो वहीं उन्होंने 8 अगस्त की सुबह कुश्ती से अपने संन्यास का भी एलान कर दिया। विनेश ने रेसलिंग में कॉमनवेल्थ से लेकर एशियन गेम्स में पदक जीते हैं। वहीं उन्हें भारत सरकार की तरफ से साल 2016 में जहां अर्जुन पुरस्कार मिला था, तो साल 2020 में विनेश को मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार भी मिला था। उनका संन्यास लेना पूरे देश के लिए एक बड़ा झटका रहा।

Also Read