ग्राम प्रधान और बेटा हिरासत में : जमीन की पैमाइश के दौरान हुई थी कहासुनी, विरोध में तहसील सादाबाद का घेराव कर किया प्रदर्शन

UPT | प्रदर्शन करते ग्राम प्रधान।

Aug 25, 2024 16:44

हाथरस के धाधऊ गांव में जमीन की पैमाइश के दौरान हुई कहासुनी के बाद पुलिस ने ग्राम प्रधान और उनके बेटे को हिरासत में ले लिया। घटना के बाद ग्राम प्रधानों और स्थानीय लोगों ने तहसील सादाबाद का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया। 

Hathras News : हाथरस के धाधऊ गांव में जमीन की पैमाइश के दौरान हुई कहासुनी के बाद पुलिस ने ग्राम प्रधान सुरेश कुमार और उनके बेटे को हिरासत में ले लिया। इस घटना के बाद ग्राम प्रधानों और स्थानीय लोगों ने तहसील सादाबाद का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया। 

ग्राम प्रधान सुरेश कुमार ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि सहपऊ थाने के थानाध्यक्ष ने हिरासत में उनके साथ मारपीट की और उनकी मूंछें उखाड़ने की कोशिश की। उन्होंने थाने में उत्पीड़न का भी आरोप लगाया। हालांकि, सहपऊ थानाध्यक्ष ने इन सभी आरोपों को निराधार बताते हुए खारिज कर दिया।

घटना की शुरुआत समाधान दिवस के दौरान हुई 
घटना की शुरुआत शनिवार को समाधान दिवस के दौरान हुई,जब एक प्रधान अपनी शिकायत लेकर नायब तहसीलदार अंजलि सिंह के पास पहुंचे। शिकायत की जांच के लिए राजस्व टीम और पुलिस गांव में पहुंची, जहां ग्राम प्रधान और पुलिस के बीच बहस शुरू हो गई। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि दोनों पक्षों के बीच हाथापाई होने की नौबत आ गई।

प्रधान और उनके बेटे को हिरासत में ले लिया
पुलिस ने प्रधान और उनके बेटे को हिरासत में ले लिया और शांति भंग करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद तहसील सादाबाद से उन्हें जमानत पर रिहा किया गया। इस घटना से नाराज होकर कई ग्राम प्रधान और महिलाएं थाने पर जमा हो गए और पुलिस पर उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए तहसील का घेराव कर हंगामा खड़ा कर दिया। यह घटना हाथरस पुलिस की कार्यशैली पर फिर से सवाल खड़े कर रही है,जिससे जिले में एक बार फिर से पुलिस की छवि को धक्का लगा है। 

Also Read