साकार भोले बाबा के वकील डॉ. एपी सिंह बोले : बाबा भेष बदल कर भागेंगे नहीं, जांच में सहयोग कर रहे हैं 

UPT | एडवोकेट डॉ. एपी सिंह

Jul 05, 2024 03:14

 साकार भोले बाबा के वकील डा एपी सिंह अलीगढ़ में गुरुवार को हाथरस सत्संग में घायल लोगों से मिलने के लिए दीन दयाल उपाध्याय जिला अस्पताल पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कहा कि बाबा पुलिस की जांच में सहयोग कर रहे हैं,

Short Highlights
  • एसआईटी की जांच पर पूरा भरोसा है
  • साकार भोले बाबा के चरणों को छूने का रिवाज नहीं है 
  •  नारायण साकार हरि का कानून में भरोसा और विश्वास है
  • बाबा के सत्संग में कोई प्रसाद या चढ़ावा नहीं है 
Aligarh News :  साकार भोले बाबा के वकील डा एपी सिंह अलीगढ़ में गुरुवार को हाथरस सत्संग में घायल लोगों से मिलने के लिए दीन दयाल उपाध्याय जिला अस्पताल पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कहा कि बाबा पुलिस की जांच में सहयोग कर रहे हैं, बाबा भेष बदल कर भागेंगे नहीं, उत्तर प्रदेश में ही है, पुलिस जब बाबा को बुलाएगी प्रस्तुत हो जाएंगे। 

एसआईटी की जांच पर पूरा भरोसा है  
सिंकद्राराऊ में 121 मौतों पर बाबा के सामने नहीं आने पर उन्होंने कहा कि पुलिस जैसा कह रही है, वैसा कर रहे हैं। उनका मैसेज लेकर मैं सामने आया हूं, उन्होंने अपना लिखित संदेश दिया है। मृतकों के प्रति संवेदना व्यक्त किया है। जांच एजेंसी को पूरा सहयोग कर रहे हैं। वह भेष नहीं बदलेंगे, वह देश छोड़ कर भी नहीं भागेंगे। इसी देश और उत्तर प्रदेश में है। पूरी जांच में जब भी उन्हें बुलाया जाएगा, वह आएंगे. उन्होंने कहा कि एसआईटी की जांच पर हमें भरोसा है।   

साकार भोले बाबा के चरणों को छूने का रिवाज नहीं है 
 वहीं उन्होंने कहा कि साकार भोले बाबा के चरणों को छूने का रिवाज नहीं है। साकार भोले बाबा का पैर छूते हुए फोटो भी नहीं देखा गया है। न तो वह डोनेशन लेते है, न ही चंदा किसी से लेते है। कोई रसीद देने या सोने - चांदी चढ़ाने की कोई व्यवस्था नहीं है। सिर्फ वह प्रवचन करते हैं। उसी के आधार पर अपना जीवन चलाते हैं। अपने VRS की सैलरी से जो पेंशन मिलती है. उसी से जीवन यापन करते हैं। वह किसी के यहां भोजन भी नहीं करते  हैं।  

नारायण साकार हरि का कानून में भरोसा और विश्वास है
उन्होंने बताया कि नारायण साकार हरि का इस देश दुनिया में कोई आश्रम नहीं है. उन्होंने मैसेज दिया है, वह भक्तों के पास जाएंगे, उसके लिए शोक सभा का आयोजन किया जाएगा। उसमें आत्माओं की शांति के लिए काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हम कानून में विश्वास करते हैं. नारायण साकार हरि का कानून में भरोसा और विश्वास किया है. जहां भी जरूरत पड़ेगी शामिल होंगे।  उन्होंने बताया कि सेवादारों ने कभी धक्के नहीं मारे, जिन्होंने भगदड़ मचवाई है। वह एंटी सोशल एलिमेंट्स है। जिन्होंने ऐसी घटना को अंजाम दिया है। कोई अपने माता, बहनों, बच्चों को धक्का नहीं देगा. सेवादार भी उनके हैं। मरने वाले भी उनके हैं, लेकिन करने वाले कौन थे यह पता करना है।  

बाबा के सत्संग  में कोई प्रसाद या चढ़ावा नहीं है 
उन्होंने कहा कि बाबा के यहां कोई ब्लैक कमांडो नहीं है, यह उनकी सुरक्षा है। वह अलग रास्ता होता है। उसी से आते-जाते  हैं। पीछे से मंच पर चढ़ते हैं और मंच पर संबोधन करने के बाद चले जाते हैं। पैरों को छूने का प्रचलन नहीं है। कोई प्रसाद नहीं है, कोई चढ़ावा नहीं है। फरवरी से जून तक आदर्श चुनाव आचार संहिता लगी थी. जिसके बाद संत्संग में भीड़ उमड़ी हैं।   

यूपी के मुख्यमंत्री पर निष्पक्ष जांच का भरोसा है 
 उन्होंने राहुल गांधी के बयान को कोड करते हुए कहा कि जब सदन में चार दिन पहले कहा गया कि हिंदू हिंसक होता है, हिंसा करता है। सनातन धर्म डेंगू, मलेरिया, एचआईवी एड्स है तो लोग कहां जाएंगे। सनातन धर्म को मानने वाले अपने धर्म गुरु के पास जाएंगे।  भक्ति, श्रद्धा, आस्था के साथ जाएंगे। सनातन धर्म हिंसक नहीं होता है। सनातन धर्म डेंगू, मलेरिया, एचआईवी एड्स नहीं है। इसलिए भीड़ अधिक हो सकती है। उन्होने कहा कि हमें निष्पक्ष जांच का भरोसा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और गृहमंत्री पर है। जिन्होंने घायलों का समुचित उपचार करवाया है। 

Also Read