भाकियू अराजनैतिक का बड़ा कदम : किसान आंदोलन से जुड़े एक नेता को किया गया निष्कासित, लगे थे ये आरोप

UPT | राकेश टिकैत के साथ आशु चौधरी

Apr 26, 2024 16:06

किसान आंदोलन से जुड़े एक प्रमुख नेता आशु चौधरी को भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक संगठन से निष्कासित कर दिया गया है। संगठन ने उन पर...

Barabanki News (आलोक श्रीवास्तव) : किसान आंदोलन से जुड़े एक प्रमुख नेता आशु चौधरी को भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक संगठन से निष्कासित कर दिया गया है। संगठन ने उन पर समाज और संगठन विरोधी गतिविधियों में शामिल होने का आरोप लगाया है।

भाकियू नेता को किया गया निष्कासित
बताया गया कि आशु चौधरी पूर्व में भारतीय किसान यूनियन भानु गुट के प्रदेश प्रभारी थे, लेकिन बाद में उन्होंने इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद वे भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक गुट में शामिल हो गए थे और प्रदेश अध्यक्ष हरिनाम सिंह वर्मा ने उन्हें पूर्वांचल का प्रभारी नियुक्त किया था। हालांकि, कुछ समय बाद संगठन को आशु चौधरी की समाज और संगठन विरोधी गतिविधियों की जानकारी मिली। इसके बाद संगठन के प्रदेश सचिव दिलीप सिंह चौहान ने बाराबंकी पुलिस अधीक्षक को एक पत्र देते हुए कुंवर उपेंद्र सिंह पटेल उर्फ आशु चौधरी को 6 वर्षों के लिए संगठन से निष्कासित करने की जानकारी दी है।

जारी किया गया पत्र
जारी पत्र में दिलीप सिंह चौहान ने लिखा है कि भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक किसानों का एक संगठन है, जो उनकी जायज लड़ाइयों को लड़ता है। निष्कासन के बाद अगर आशु चौधरी संगठन का झंडा, बैनर या नाम इस्तेमाल करते हैं तो उन पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने साफ किया है कि अब आशु चौधरी का संगठन से कोई लेना-देना नहीं है। इस घटना से संगठन के भीतर आंतरिक कलह और फूट की संभावना उभर आई है। हालांकि, संगठन के नेतृत्व का कहना है कि किसी भी सदस्य की समाज और संगठन विरोधी गतिविधियां बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। आने वाले दिनों में किसान आंदोलन पर इसके प्रभावों को देखना दिलचस्प होगा।

Also Read