Barabanki News : अखिलेश के जन्मदिन पर सपाइयों ने शुरू किया PDA पेड़ कैंपेन, पूर्व मंत्री ने की शुरुआत

UPT | पौधारोपण करते पूर्व मंत्री अरविंद सिंह गोप

Jul 01, 2024 16:49

लोकसभा चुनाव के परिणाम के बाद सपाइयों में गजब का उत्साह और जोश देखने को मिल रहा है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के जन्मदिन को लेकर जिले के कार्यकर्ताओं और समर्थकों...

Barabanki News : लोकसभा चुनाव के परिणाम के बाद सपाइयों में गजब का उत्साह और जोश देखने को मिल रहा है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के जन्मदिन को लेकर जिले के कार्यकर्ताओं और समर्थकों में काफी उत्साह है। अखिलेश यादव के जन्मदिन पर सपा नेता व कार्यकर्ता एक हफ्ते तक पौधारोपण अभियान चलाएंगे। इसमें PDA पेड़ के रूप में बरगद, पीपल और नीम के पौधे लगाए जा रहे हैं।

PDA पेड़ कैंपेन को राष्ट्रव्यापी आंदोलन बनाएंगे 
सपा नेताओं का कहना है कि हर तरफ फैले प्रदूषण को दूर करने के लिए आवश्यकता जमीन से जुड़े पेड़ों की है, मानव निर्मित शाखाओं की नहीं। इस मौके पर पौधारोपण करते हुए सपा के राष्ट्रीय सचिव अरविंद सिंह गोप ने कहा कि PDA पेड़ कैंपेन को राष्ट्रव्यापी आंदोलन बनाएंगे। इस मौके पर अखिलेश यादव के दीर्घायु पीडीए वृक्षारोपण हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया।

अखिलेश ने तोड़े सभी कीर्तिमान
अरविंद सिंह गोप ने कहा कि वृक्षारोपण हरियाली देने के साथ ही पर्यावरण को शुद्ध भी रखता है। गरीब और किसान इसकी छाया में बैठकर आनंद महसूस करते हैं। इसीलिये हम लोग अखिलेश यादव के जन्मदिन पर पौधारोपण कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश का कोई भी संगठन समाजवादी पार्टी के संगठन का मुकाबला नहीं कर सकता है। समाजवादी पार्टी को नेताजी यानी मुलायम सिंह यादव ने बनाया है। नेताजी ने साल 2012 में पार्टी की कमान अखिलेश यादव को सौंपी थी। अखिलेश यादव ने सारे कीर्तिमान तोड़कर सबसे ज्यादा सांसदों को लोकसभा में पहुंचाया।

यूपी में बनाएंगे सपा की सरकार
पूर्व मंत्री ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने धन, दौलत और सरकारी मशीनरी की पूरी ताकत लगा ली, उसके बाद भी वह सपा को रोक नहीं सके। सपा उत्तर प्रदेश की सबसे बड़ी और देश की तीसरी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। आज गरीब, किसान और नौजवान को अखिलेश यादव पर पूरा भरोसा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और अन्य छोटे दलों के साथ हमारा गठबंधन इसी तरह आगे भी जारी रहेगा। हम सबने मिलकर जैसे दिल्ली में बीजेपी को कमजोर किया है। आने वाले समय में उसी तरह उत्तर प्रदेश से भी भारतीय जनता पार्टी को उखाड़ फेकेंगे और अखिलेश यादव के नेतृत्व में 2027 में उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाएंगे।

Also Read