Barabanki News : पहले पत्नी की मौत फिर पेड़ पर लटका मिला पति का शव, पढ़ें हैरान करने वाल मामला 

UPT | महिला के शरीर पर चोट के निशान।

Jul 03, 2024 11:46

बाराबंकी में पति-पत्नी के बीच पहले विवाद हुआ। विवाद के बाद पति घर से फरार हो गया और इलाज के दौरान पत्नी की मौत हो गई। दूसरे दिन पति का भी शव गांव के बाहर पेड़ से लटका मिला। महिला के मायके ...

Barabanki News : बाराबंकी में पति-पत्नी के बीच पहले विवाद हुआ। विवाद के बाद पति घर से फरार हो गया और इलाज के दौरान पत्नी की मौत हो गई। दूसरे दिन पति का भी शव गांव के बाहर पेड़ से लटका मिला। महिला के मायके वालों ने दामाद पर पीट-पीटकर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस पूरे मामले में छानबीन कर रही है।

ये है पूरा मामला
मामला जनपद के रामसनेही घाट थाना क्षेत्र का है। जहां एक जुलाई को पति पत्नी के बीच हुए विवाद और मारपीट की वजह दोनों की मौत का कारण बन गई। कोतवाली क्षेत्र रामसनेही घाट के पूरे शुक्ल मजरे महुलारा निवासी संतोष मिश्रा का किसी बात को लेकर पत्नी बीनू से विवाद होने लगा। विवाद के दौरान दोनों रसोई में थे। विवाद इतना अधिक बढ़ गया कि संतोष ने पत्नी बीनू को बुरी तरह मारा पीटा। मारपीट के दौरान खुद को सम्भाल न पाने की वजह से बीनू किचन में गिर गई और पति संतोष उसे अकेला छोड़कर फरार हो गया।

इलाज के दौरान महिला ने दम तोड़ा
बहू की हालत गम्भीर होने पर ससुर दुर्गा प्रसाद उसे इलाज के लिए सीएचसी लेकर आये। जहां स्थित गम्भीर देखते हुए चिकित्सकों ने जिला मुख्यालय के ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। जिला मुख्यालय के ट्रामा सेंटर में इलाज के दौरान बीनू की मौत हो गई। बीनू की मौत की खबर ससुर ने लड़की के पिता को दी और दोनों की रजामंदी से बीनू का अन्तिम संस्कार कर दिया गया। पुलिस को भनक तक नहीं होने दी। लेकिन, मंगलवार को थाना क्षेत्र असन्द्रा निवासी मृतका बीनू के पिता अवध प्रसाद शुक्ल ने कोतवाली में लिखित शिकायत दर्ज कराई। उसमें बेटी की मौत का जिम्मेदार दामाद संतोष को बताया। उन्होंने कहा कि दामाद ने पीट-पीटकर उनकी बेटी की बेरहमी से हत्या कर दी।

क्या कहती है पुलिस
प्रभारी निरीक्षक ओपी तिवारी ने बताया कि लड़की के पिता की तहरीर पर पुलिस जब आरोपी संतोष की तलाश में निकली तो गांव के बाहर गुलरिया गांव के पास एक खेत में पेड़ पर गमछे के सहारे संतोष का शव लटकता मिला। पुलिस ने शव को उतार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। क्षेत्र में इस बात को लेकर चर्चा आम है कि पति पत्नी के बीच लगातार चल रहे विवाद और मारपीट की वजह से दोनों की जान चली गई। पुलिस मामले की तह तक जाने में लगी है।

Also Read